
फ्लाइट से उतरते, स्टेशन पर जेब काटते!
लखनऊ में शातिर गैंग का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार; हर महीने 20-25 लाख की उड़ाते थे कमाई
लखनऊ। हवाई जहाज से लखनऊ आने और रेलवे स्टेशनों की भीड़ में यात्रियों की जेब साफ करने वाले शातिर गिरोह का क्राइम ब्रांच ने खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 1.24 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य फ्लाइट से लखनऊ पहुंचते थे और इसके बाद रेलवे स्टेशनों व प्लेटफॉर्म पर भीड़भाड़ वाले स्थानों को निशाना बनाते थे। यात्रियों के आसपास घेरा बनाकर मौका मिलते ही जेब और बैग से मोबाइल, नकदी व अन्य कीमती सामान पार कर देते थे।
🤑 स्टेशन की भीड़ बनती थी कमाई का अड्डा
जांच में सामने आया कि गिरोह हर महीने करीब 20 से 25 लाख रुपये का माल पार करता था। वारदात के बाद आरोपी लंबे समय तक एक ही स्थान पर नहीं रुकते थे और अपना ठिकाना बदल लेते थे।
🏨 महंगे फ्लैट और होटल थे ठिकाने
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य आलीशान फ्लैटों और महंगे होटलों में ठहरते थे। बाहर से देखने पर उनकी गतिविधियां सामान्य नजर आती थीं, लेकिन रेलवे स्टेशन पहुंचते ही यात्रियों को निशाना बनाना शुरू कर देते थे।
क्राइम ब्रांच अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और पूर्व की वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
फ्लाइट से लखनऊ आने वाला यह गैंग आखिर स्टेशन की भीड़ में किस तरह करता था ‘हाथ साफ’—पुलिस की जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं।