गोंडा के तरबगंज थाना क्षेत्र में रविवार देर रात ढेकिया पुल और भारत पेट्रोल पंप के बीच अज्ञात वाहन ने बाइक सवार सूरज सिंह (26) को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल सूरज को सीएचसी तरबगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। देहात कोतवाली क्षेत्र के बरसड़ा गांव निवासी सूरज गुरुग्राम की एक कपड़ा फैक्ट्री में काम करता था। दिवाली मनाने के लिए छुट्टी लेकर घर आया था। रविवार रात वह मौसी के घर से बाइक से लौट रहा था, तभी हादसे का शिकार हो गया। सबसे दुखद बात यह है कि सूरज की शादी इसी साल 13 मई को हुई थी। अभी शादी के छह महीने भी पूरे नहीं हुए थे कि पत्नी बिट्टू का सुहाग उजड़ गया। दिवाली की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। जिस घर में दिवाली के दीप जलने थे, वहां अब अपनों की जुदाई का अंधेरा छा गया।
#GondaNews #RoadAccident #Gonda #UttarPradesh
Gonda, Gonda | Nov 9, 2026