गोंडा में दिवाली की रात मेडिकल स्टोर में लगी आग, लाखों की दवाइयां जलकर राख
धानेपुर थाना क्षेत्र के इटवा चौराहे पर दतौली मार्ग स्थित मेडिकल स्टोर में दिवाली की रात करीब एक बजे आग लग गई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखी लाखों रुपये की दवाइयां और अन्य उपकरण जलकर राख हो गए।
मेडिकल स्टोर संचालक रवि यादव के मुताबिक, दिवाली पर दुकान को झालरों और लाइटों से सजाया गया था। रात में दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। करीब एक बजे दुकान में आग लगने की सूचना मिली तो वह मौके पर पहुंचे।
आसपास के लोगों की मदद से शटर तोड़कर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान का सारा सामान जलकर नष्ट हो चुका था। दिवाली की खुशियों के बीच हुए इस हादसे से संचालक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
Gonda, Gonda | Nov 8, 2026