
32 वाहनों पर कार्रवाई, 64 हजार रुपये जुर्माना, हेलमेट से लेकर कागजात तक हुई जांच
लखीसराय। सड़क सुरक्षा और शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से परिवहन विभाग की ओर से विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मुख्य रूप से बाइक चालकों के हेलमेट के साथ-साथ वाहनों के आवश्यक कागजात और यातायात नियमों के अनुपालन की जांच की गई।
जांच के दौरान वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन प्रमाण-पत्र सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की पड़ताल की गई। बिना हेलमेट वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अवैध एवं गलत पार्किंग करने वाले वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई। विभाग के अनुसार, गलत तरीके से वाहनों की पार्किंग से सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अभियान के दौरान कुल 32 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 64 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। परिवहन विभाग ने बताया कि यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे।
विभाग द्वारा रोस्टर के अनुसार कैटेगरीवार जांच की जाएगी। अलग-अलग दिनों में ओवरलोडिंग, हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों के परिवहन, गलत पार्किंग, ओवरस्पीडिंग समेत अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन की विशेष जांच होगी।
परिवहन विभाग ने वाहन चालकों और मालिकों से अपील की है कि वाहन के सभी जरूरी कागजात अद्यतन रखें और केवल वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाले चालक से ही वाहन चलवाएं। साथ ही हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और गलत स्थान पर वाहन पार्क नहीं करने की अपील की गई है।