
विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सुझावों के लिए ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ का शुभारंभ
The silence media news
मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा सात निश्चय-3 के अंतर्गत “सबका सम्मान, जीवन आसान” के लक्ष्य के तहत विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं के प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान तथा शिक्षा के क्षेत्र में सुधार हेतु सुझाव प्राप्त करने के उद्देश्य से ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित पदाधिकारी जुड़े रहे।
औरंगाबाद से जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा, पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा, उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी इफ्तेखार अहमद, निदेशक डीआरडीए अनुपम कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर, जिला कल्याण पदाधिकारी अभिषेक कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि राज्य सरकार द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों के प्रभावी समाधान के लिए पंचायतों एवं नगर निकायों में ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं के समाधान एवं शिक्षा व्यवस्था में अपेक्षित सुधार के लिए ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ तथा ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ की पहल की गई है।
विद्यार्थियों के लिए प्रत्येक माह के चतुर्थ मंगलवार को ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ का आयोजन किया जाएगा। प्रथम शिविर 25 अगस्त 2026 को आयोजित होगा। यदि चतुर्थ मंगलवार को अवकाश रहता है, तो शिविर अगले कार्य दिवस को आयोजित किया जाएगा।
यह शिविर सरकारी शैक्षणिक संस्थानों एवं संबंधित छात्रावासों में आयोजित किया जाएगा। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए शिविर स्थल पर कियोस्क की व्यवस्था रहेगी, जहां कंप्यूटर, प्रिंटर एवं इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध होगी।
पोर्टल पर संबंधित संस्थानों के वास्तविक (Bona fide) विद्यार्थी ही निबंधन कर सकेंगे। विद्यार्थी कक्षाओं का समय पर संचालन नहीं होना, शिक्षकों की अनुपस्थिति, परीक्षा एवं परीक्षाफल में विलंब, अनधिकृत शुल्क की वसूली, बिजली, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, बैठने एवं प्रयोगशाला संबंधी समस्याओं सहित अन्य शैक्षणिक समस्याओं की शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इसके साथ ही शिक्षा व्यवस्था में सुधार के संबंध में अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी दे सकेंगे।
प्राप्त शिकायतों का नियमानुसार 30 दिनों के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए पोर्टल पर L-1, L-2 एवं L-3 स्तर के प्राधिकार निर्धारित किए गए हैं। प्राप्त सुझावों को भी संबंधित विभागों द्वारा समेकित कर, लागू किए जा सकने वाले सुझावों पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी।
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा विद्यार्थी सहयोग शिविरों का निरीक्षण किया जाएगा। आवश्यकतानुसार शिविरों में प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति तथा संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी।
विद्यार्थी सहयोग पोर्टल से संबंधित जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों का प्रशिक्षण भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराया जाएगा, ताकि प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों के निष्पादन की प्रक्रिया को सुचारू एवं प्रभावी बनाया जा सके।
इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक समस्याओं एवं सुझावों को सरलता से संबंधित स्तर तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
जिला प्रशासन, औरंगाबाद द्वारा सभी विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे इस सुविधा का अधिकाधिक लाभ उठाएं तथा शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।
पोर्टल पर शिकायत/सुझाव दर्ज करने के लिए:
जिला प्रशासन, औरंगाबाद द्वारा इस विद्यार्थी-केंद्रित पहल के लिए माननीय मुख्यमंत्री, बिहार के प्रति आभार व्यक्त किया गया है।
#thesilencemedianews #abhilashasharmaias #aurangabad #Madanpur #औरंगाबाद #daudnagar #rafiganj #sahyogportel