
नगर परिषद वाइस चेयरमैन चुनाव के बाद राव खेमे में बढ़ी नाराजगी, सैनी समाज हुआ लामबंद-*
*समर्थकों को करना पड़ रहा समाज की नाराजगी का सामना, राव इंद्रजीत का एक पक्ष के साथ खुलकर खड़ा होना बना असहजता की वजह-
राजनीतिक जानकारों की मानें तो इस पूरे विवाद में सबसे बड़ी चूक यह रही कि राव इंद्रजीत सिंह ने दोनों पक्षों के बीच संतुलन बनाने के बजाय एक पक्ष के समर्थन में आ खड़े हुए। राव के कुछ पुराने समर्थकों का भी मानना है कि यदि चुनाव में मतदान की स्थिति बन रही थी तो उन्हें तटस्थ रहना चाहिए था। इससे न केवल दोनों गुटों के बीच संतुलन बना रहता बल्कि लंबे समय से साथ खड़े समाज के एक बड़े वर्ग की नाराजगी से भी बचा जा सकता था। नगर परिषद के वाइस चेयरमैन पद को लेकर राजनीतिक हलचल उस समय शुरू हुई जब राव इंद्रजीत सिंह ने पार्षदों और अपने समर्थकों की राय जाननी शुरू की। बताया जाता है कि राव की पसंद वार्ड सदस्य निहाल यादव थे लेकिन अधिकांश वार्ड सदस्यों ने इस नाम पर असहमति जताई। इसके बाद निखिल मांढैया का नाम सामने आया तो पूर्व प्रधान चेतराम सैनी ने इसका विरोध किया। इस तरह चुनाव से पहले ही समर्थक गुटों के बीच मतभेद खुलकर सामने आने लगे। बताया जाता है कि विवाद बढ़ने के बीच राव इंद्रजीत सिंह दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इसके बाद उनके करीबी माने जाने वाले कुछ समर्थकों ने अपने स्तर पर चुनावी रणनीति आगे बढ़ाई। राव के करीबी सूत्रों के अनुसार, इन समर्थकों ने तटस्थ रहने के बजाय निखिल मांढैया को वाइस चेयरमैन बनवाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाई। चुनाव में चेतराम सैनी को हार का सामना करना पड़ा। इस घटनाक्रम का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि राव इंद्रजीत सिंह के साथ लंबे समय से जुड़े रहे समर्थक भी अब असहज स्थिति में हैं। शहर की राजनीति में सक्रिय इन लोगों को सैनी समाज के लोगों के सवालों का सामना करना पड़ रहा है। समाज के लोगों की नाराजगी का जवाब देना उनके लिए आसान नहीं रह गया है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि जिस समाज ने लंबे समय तक राव का साथ दिया उसी समाज के एक प्रमुख चेहरे को चुनाव में मिली हार ने आपसी रिश्तों में खटास पैदा कर दी है। नगर परिषद का यह चुनाव भले ही स्थानीय स्तर का था लेकिन इसके राजनीतिक मायने अब शहर से आगे तक निकाले जा रहे हैं। सवाल यह भी उठने लगा है कि क्या इस चुनाव के बाद राव इंद्रजीत सिंह और सैनी समाज के बीच पुराने राजनीतिक समीकरण प्रभावित होंगे। फिलहाल राव खेमे के समर्थकों के सामने सबसे बड़ी चुनौती समाज की नाराजगी दूर करने की है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि राव इंद्रजीत सिंह इस नाराजगी को दूर करने के लिए क्या कदम उठाते हैं और शहर की राजनीति में इसका क्या असर पड़ता है।
Rewari, Rewari | Nov 3, 2026