
नकली नोट के साथ एक गिरफ्तार, 14 हजार रुपये के जाली नोट बरामद
साहेबगंज पुलिस की कार्रवाई, 500 रुपये के 28 नकली नोट के साथ धंधे में संलिप्तता स्वीकारने का दावा
मुजफ्फरपुर जिले में नकली भारतीय मुद्रा के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साहेबगंज थाना क्षेत्र के हुस्सेपुर जोड़ा कन्हाई गांव में छापेमारी कर पुलिस ने एक युवक को 14 हजार रुपये के जाली नोट के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान हुस्सेपुर निवासी बिंदेश्वर सहनी के रूप में हुई है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 10 नवंबर को साहेबगंज पुलिस टीम को इलाके में जाली भारतीय मुद्रा के परिचालन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 500 रुपये के कुल 28 जाली नोट बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत 14 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपित ने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर अवैध भारतीय मुद्रा के प्रचलन एवं संचालन में संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
इस मामले में साहेबगंज थाना कांड संख्या 957/26 दर्ज कर जांच एवं अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि अन्य जांच एजेंसियों को भी सूचित किया जा रहा है और मामले में आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है।