
दुर्गा पूजा को लेकर मुजफ्फरपुर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश
मुजफ्फरपुर में दुर्गा पूजा 2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी कुमार गौरव और वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने समाहरणालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर विधि-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।
डीएम और एसएसपी ने स्पष्ट किया कि उत्कृष्ट भीड़ प्रबंधन, सुगम यातायात और मजबूत विधि-व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी एसडीओ और एसडीपीओ को क्षेत्र में लगातार भ्रमण करने तथा संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
एसएसपी ने सभी थानाध्यक्षों को पूजा पंडालों का भ्रमण करने, क्यूआरटी से नियमित गश्ती कराने और जुलूस के साथ थाना की एस्कॉर्ट पार्टी चलाने का निर्देश दिया। वहीं, सीसीटीवी और जरूरत के अनुसार ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी।
प्रशासन ने पूजा समितियों के लिए पंडाल और जुलूस का लाइसेंस अनिवार्य किया है। पंडालों में अग्निशमन, विद्युत सुरक्षा और सीसीटीवी की व्यवस्था जरूरी होगी। डीजे और आतिशबाजी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, जबकि रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर पर रोक रहेगी।
प्रशासन ने शांति समिति की बैठक, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, अफवाहों पर त्वरित कार्रवाई और विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
#TirhutNow #MuzaffarpurNews #DurgaPuja2026 #MuzaffarpurPolice #BiharNews