
रोहतक में होने वाली लोकतंत्र बचाओ रैली को लेकर रेवाड़ी भाजपा की अहम बैठक, कार्यकर्ताओं ने भरी हुंकार
रेवाड़ी। रोहतक में हरियाणा दिवस के अवसर पर 1 नवंबर 2026 को आयोजित होने जा रही भारतीय जनता पार्टी की लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ महारैली की तैयारियों को लेकर शनिवार को जिला भाजपा कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली ने की, जबकि जिला प्रभारी डॉ. मदन गोयल विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में रेवाड़ी जिले के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पूरी ऊर्जा और एकजुटता के साथ महारैली में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संकल्प लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिवेश में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ महारैली समय की सबसे बड़ी मांग है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल, विशेषकर कांग्रेस, जिस तरह से जनता के बीच भ्रम और दुष्प्रचार फैलाने का प्रयास कर रही है, उसे बेनकाब करना आवश्यक हो चुका है। इस महारैली का मुख्य उद्देश्य जनता को जागरूक करना और कांग्रेस के झूठ को जड़ से समाप्त करना है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में रोहतक पहुंचकर इस रैली को ऐतिहासिक बनाएं।
इस अवसर पर जिला प्रभारी डॉ. मदन गोयल ने अपने उद्बोधन में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि रेवाड़ी की जनता और भाजपा कार्यकर्ता सदैव राष्ट्रहित व संगठन के साथ मजबूती से खड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर को रोहतक की यह महारैली हरियाणा की राजनीति में नए उत्साह का संचार करेगी और विपक्ष के हर भ्रामक एजेंडे को ध्वस्त करेगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से बूथ स्तर तक जनसंपर्क कर महारैली को भव्य और सफल बनाने का आग्रह किया। बैठक में सभी पदाधिकारियों ने पूर्ण निष्ठा के साथ इस आयोजन को सफल बनाने की प्रतिबद्धता जताई।
Rewari, Rewari | Nov 4, 2026