
*कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*
*शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखने, अवैध पटाखों की बिक्री पर निगरानी तथा राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश*
*आलीराजपुर, 04नवंबर 2026।* कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर की अध्यक्षता में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्रीमती माथुर ने अनुविभागवार राजस्व कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जिले को अतिक्रमण मुक्त बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपने-अपने कार्यक्षेत्र में यह सुनिश्चित करें कि किसी भी शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा न हो।
कलेक्टर ने समस्त अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्रों में आयोजित होने वाले हाट-बाजारों में सतत निगरानी रखें तथा अवैध रूप से पटाखों के भंडारण एवं बिक्री पर प्रभावी रोक सुनिश्चित करें। निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही लाइसेंसी पटाखा विक्रेताओं द्वारा शासन की निर्धारित गाइडलाइन का पालन किया जा रहा है या नहीं, इसका भी निरीक्षण करें।
उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी एवं फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में तेजी लाने तथा जिले की समस्त धर्मस्व भूमि का भौतिक सत्यापन कर वर्तमान स्थिति से मुख्यालय को अवगत कराने के निर्देश दिए।
न्यायालयवार राजस्व प्रकरणों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि पोर्टल पर निराकृत एवं विलोपित किए जाने योग्य प्रकरण दर्ज रहने से जिले की प्रगति प्रभावित होती है। ऐसे प्रकरणों को पोर्टल से विलोपित कराने के लिए अनुविभागवार वरिष्ठ कार्यालयों से पत्राचार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने राजस्व न्यायालयों में लंबित बंटवारा एवं सीमांकन प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने तथा शासकीय भवनों के निर्माण के लिए भूमि आवंटन संबंधी आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने समस्त अनुविभागीय अधिकारियों को राजस्व वसूली निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। इस दौरान संयुक्त कलेक्टर श्री प्रदिप सोनी, श्रीमती आकांशा अग्रवाल ,समस्त अनुविभागीय अधिकारी सहित तहसीलदार - नायब तहसीलदार एवं राजस्व कर्मचारी उपस्थित थे।