
CM सम्राट चौधरी से मिले कांटी विधायक अजीत कुमार, नहरों के जीर्णोद्धार और मड़वन में चीनी मिल की उठाई मांग
कांटी विधानसभा क्षेत्र में किसानों की सिंचाई समस्या और क्षेत्र के विकास को लेकर विधायक ई. अजीत कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। पटना स्थित मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ‘लोक सेवक आवास’ में हुई मुलाकात के दौरान विधायक ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया और कांटी क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
विधायक अजीत कुमार ने कांटी विधानसभा क्षेत्र की बदहाल नहर व्यवस्था को दुरुस्त कर किसानों के खेतों तक नियमित रूप से पानी पहुंचाने की मांग रखी। उन्होंने वीरपुर, रामदयालु वितरणी समेत करीब एक दर्जन उप-वितरणियों की जर्जर स्थिति का मुद्दा मुख्यमंत्री के सामने रखा।
विधायक ने कहा कि नहरों की खराब स्थिति के कारण किसानों, खासकर गन्ना उत्पादकों को सिंचाई में परेशानी हो रही है। उन्होंने नहरों के जीर्णोद्धार और नियमित जलापूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का आग्रह किया। विधायक ने भरोसा जताया कि अगले एक वर्ष में किसानों के खेतों तक नहर का पानी पहुंचाने की दिशा में काम होगा।
इसके साथ ही मड़वन प्रखंड में प्रस्तावित नए चीनी मिल की स्थापना प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई। मुख्यमंत्री ने विधायक की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
#TirhutNow #AjitKumar #SamratChoudhary #KantiNews #MuzaffarpurNews