
किऊल जंक्शन पर दिव्यांग कोच से 43.5 लीटर शराब बरामद, तस्कर फरार
लखीसराय। ऑपरेशन सतर्क के तहत किऊल जंक्शन पर पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त कार्रवाई में ट्रेन के दिव्यांग कोच से भारी मात्रा में शराब बरामद की गई। हालांकि, मौके से किसी भी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।जानकारी के अनुसार, किऊल रेल पुलिस के निरीक्षक प्रभारी प्रशांत कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि गाड़ी संख्या 15027 के दिव्यांग कोच में शराब रखी गई है। सूचना के आधार पर किऊल रेल पुलिस की टीम ने उत्पाद विभाग, लखीसराय की टीम के साथ कार्रवाई की तैयारी की।ट्रेन के किऊल जंक्शन पहुंचने पर दिव्यांग कोच को खुलवाकर जांच की गई। तलाशी के दौरान एक बैग और एक झोले में शराब रखी मिली। आसपास मौजूद यात्रियों से शराब के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी उसे अपना होने की बात नहीं कही।कार्रवाई के दौरान बरामद शराब की वीडियोग्राफी कराई गई और करीब 3 बजे जब्ती की कार्रवाई पूरी की गई। बरामद शराब में 75 बोतल किंगफिशर बीयर (500 एमएल), 6 बोतल गॉडफादर बीयर (500 एमएल) और 10 बोतल देशी रंगीन शराब (300 एमएल) शामिल है। विभाग के अनुसार बरामद शराब की कुल मात्रा 43.5 लीटर तथा अनुमानित कीमत 12,800 रुपये बताई गई है।
मौके पर मौजूद यात्रियों से गवाह बनने का आग्रह किया गया, लेकिन यात्रियों ने कानूनी प्रक्रिया में नहीं पड़ने की बात कहते हुए गवाह बनने से इनकार कर दिया। इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस एवं अन्य कर्मियों को गवाह बनाकर वीडियोग्राफी के साथ शराब की जब्ती सूची तैयार की गई।बरामद शराब और तैयार किए गए कागजात को आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद थाना, लखीसराय को सौंप दिया गया है। मामले में शराब के मालिक और तस्कर की पहचान के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।