
संपूर्ण समाधान दिवस में 102 शिकायतों की सुनवाई, 17 का मौके पर निस्तारण
संत कबीर नगर में सोमवार को जिले की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। खलीलाबाद तहसील में जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में फरियादियों की शिकायतें सुनी गईं। इस दौरान राजस्व, पुलिस सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतकर्ता को निस्तारण की कार्रवाई से अवगत कराने के साथ उसकी संतुष्टि का भी विशेष ध्यान रखा जाए। खलीलाबाद तहसील में कुल 45 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 10 मामलों का मौके पर निस्तारण कराया गया, जबकि 5 मामलों में स्थलीय निरीक्षण के लिए टीम भेजी गई।
वहीं मेंहदावल तहसील में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना एवं अपर जिलाधिकारी न्यायिक चन्द्रेश कुमार सिंह ने शिकायतें सुनीं। यहां 32 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 3 का मौके पर निस्तारण कराया गया और 2 मामलों में स्थलीय जांच के लिए टीम भेजी गई।
धनघटा तहसील में उप जिलाधिकारी वीरेन्द्र प्रसाद गुप्ता ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। यहां 25 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 10 मामलों का मौके पर निस्तारण कराया गया।
इस प्रकार तीनों तहसीलों में कुल 102 शिकायतों की सुनवाई हुई और 17 प्रकरणों का तत्काल निस्तारण कराया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शेष मामलों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान करने के निर्देश दिए।