
राव इंद्रजीत खेमे के पार्षदों की राव नरबीर से मुलाकात:रेवाड़ी उपप्रधान चुनाव के बाद से खींचतान,
दूसरे पार्षदों के भी संपर्क में आने की चर्चा,फिलहाल इस मुलाकात को राव इंद्रजीत सिंह के खेमे के लिए झटके के तौर पर देखा जा रहा है
इस मुलाकात को रेवाड़ी नगर परिषद की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। उपप्रधान चुनाव में चेतराम सैनी को 14 वोट मिले थे, जबकि राव इंद्रजीत सिंह के समर्थन वाले निखिल मांडिया को 19 वोट मिले थे। पांच वोटों से चुनाव हारने के बाद अब चेतराम सैनी खेमे के पार्षदों की राव नरबीर सिंह से मुलाकात ने राजनीतिक चर्चाओं को तेज कर दिया है
इस घटनाक्रम से पहले नगर परिषद में राव इंद्रजीत सिंह के समर्थक माने जाने वाले पार्षदों का प्रभाव माना जा रहा था। अब चेतराम सैनी के खेमे के पार्षदों के राव नरबीर सिंह से मिलने के बाद पार्षदों के बीच दो अलग-अलग खेमे बनने की चर्चा है। इससे आने वाले दिनों में नगर परिषद की राजनीति में खींचतान बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
इस मुलाकात में नगर पार्षद चेतराम सैनी, रंजना भारद्वाज और पार्षद प्रतिनिधि मोनू राव सहित अन्य लोग शामिल रहे। इनके अलावा सचिन भालिया, पूनम, संदीप यादव, ओम प्रकाश सैनी, चंदन यादव, पवन बटला और मुकेश सोनी के नाम भी सामने आए हैं।
दूसरे पार्षदों के भी संपर्क में आने की चर्चा
मुलाकात के बाद यह चर्चा भी सामने आई कि नगर परिषद के कुछ और पार्षद आने वाले दिनों में राव नरबीर सिंह से मुलाकात कर सकते हैं। यदि ऐसा होता है तो नगर परिषद में पार्षदों के बीच राजनीतिक समीकरण और बदल सकते हैं।
Rewari, Rewari | Oct 29, 2026