
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 को लेकर बेगूसराय में जागरूकता अभियान तेज
बेगूसराय/बीके गुलशन: वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027’ को लेकर बेगूसराय जिले में तैयारियां एवं जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है।
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के युवा कार्यक्रम विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम को लेकर ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) के बेगूसराय जिला कार्यालय द्वारा जिले के युवाओं और शैक्षणिक संस्थानों के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
विकसित भारत क्विज में शुरू हुआ ऑनलाइन पंजीकरण
VBYLD 2027 की बहुस्तरीय चयन प्रक्रिया के प्रथम चरण के रूप में ‘विकसित भारत क्विज़’ शुरू हो चुका है। इच्छुक युवा आधिकारिक पोर्टल "mybharat.gov.in" (https://reference-url-citation.invalid/0) पर ऑनलाइन पंजीकरण कर प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं।
जारी जानकारी के अनुसार 15 से 29 वर्ष की आयु वाले युवा इसमें भाग लेने के पात्र हैं। पंजीकरण के दौरान यदि रेफरल कोड उपलब्ध हो तो उसका उपयोग करने की भी अपील की गई है।
क्विज एवं निबंध लेखन के बाद चयनित प्रतिभागी जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। विभिन्न राज्यों से चयनित श्रेष्ठ युवा प्रतिनिधियों को 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय संवाद में शामिल होने का अवसर मिलेगा। यहां युवाओं को नीति-निर्माताओं और प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार रखने का अवसर प्राप्त होगा।
तीन प्रमुख ट्रैक में युवाओं को मिलेगा मंच
कार्यक्रम के तहत सांस्कृतिक ट्रैक, इनोवेट फॉर भारत ट्रैक और युवा संसद ट्रैक शामिल किए गए हैं। सांस्कृतिक ट्रैक में लोक नृत्य, लोक गीत, पेंटिंग, भाषण और कविता लेखन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
वहीं, इनोवेट फॉर भारत ट्रैक के अंतर्गत ‘डिजाइन फॉर भारत’, ‘हैक फॉर सोशल कॉज’ और ‘युवा उद्यमी चुनौती’ जैसी गतिविधियों के माध्यम से युवाओं के नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहित किया जाएगा।
युवा संसद ट्रैक के फाइनलिस्टों को सीधे नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय संवाद में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
युवाओं से अधिकाधिक भागीदारी की अपील
जिला युवा अधिकारी विवेक ने बेगूसराय जिले के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और युवाओं से इस राष्ट्रीय अभियान में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने युवाओं से "mybharat.gov.in पोर्टल" (https://reference-url-citation.invalid/1) पर यथाशीघ्र अपना पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा है।
जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक युवाओं को इस राष्ट्रीय मंच से जोड़ना और उनमें नेतृत्व, नवाचार एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करना है।
#BreakingNews #HindiNews