
लखीसराय में चार नई श्रम संहिताओं को लेकर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित।
श्रमिकों के अधिकार, न्यूनतम मजदूरी और सामाजिक सुरक्षा के प्रावधानों की दी गई जानकारी।
लखीसराय। गगन दीप की रिपोर्ट:बिहार सरकार के श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के तत्वावधान में मंगलवार को जिला परिषद सभागार, लखीसराय में चार नई श्रम संहिताओं को लेकर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रमिकों, नियोजकों एवं संबंधित हितधारकों को नई श्रम संहिताओं के प्रावधानों, उद्देश्यों और उनके व्यावहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप श्रम आयुक्त, सहायक श्रम आयुक्त, मुंगेर, श्रम अधीक्षक, लखीसराय, जिले के सभी श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी तथा कावच संस्था के श्री प्रसून कुणाल ने विभिन्न श्रम संहिताओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
इस दौरान मजदूरी संहिता 2019, सामाजिक सुरक्षा संहिता 2020, औद्योगिक संबंध संहिता 2020 तथा व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यदशा संहिता 2020 के महत्वपूर्ण प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने श्रमिकों के अधिकार, न्यूनतम मजदूरी, सामाजिक सुरक्षा, औद्योगिक संबंधों तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा और श्रमिक कल्याण से जुड़े पहलुओं को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समझाया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न श्रम संहिताओं से जुड़े सवाल पूछे, जिनका संबंधित अधिकारियों ने विस्तारपूर्वक जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। साथ ही नई श्रम संहिताओं के प्रभावी क्रियान्वयन और उनके प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।