अपराध नियंत्रण और अवैध कारोबार पर सख्ती, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए तेज होगी कार्रवाई
डीएम शैलेन्द्र कुमार और एसपी प्रेरणा कुमार ने विधि-व्यवस्था, एनसीओआरडी एवं मद्य निषेध मामलों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश
लखीसराय। जिले में विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाने, अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने को लेकर जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार एवं पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने संयुक्त रूप से समीक्षा बैठक की। समाहरणालय स्थित डीएम कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित बैठक में विधि-व्यवस्था, जिला स्तरीय निगरानी समिति, एनसीओआरडी समिति और मद्य निषेध से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में डीएम ने लंबित कुर्की-जप्ती के मामलों में तेजी लाने तथा फरार अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्माणाधीन थाना भवनों का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने और सभी थाना परिसरों में खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को शीघ्र दुरुस्त कराने को कहा।
अवैध गांजा तस्करी पर सख्ती दिखाते हुए जिलाधिकारी ने सघन छापेमारी अभियान चलाने और तस्करी में संलिप्त लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजने का निर्देश दिया। वहीं, मद्य निषेध की समीक्षा के दौरान उत्पाद एवं पुलिस विभाग को अवैध शराब के विरुद्ध लगातार छापेमारी करने, शराब तस्करों पर कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा तस्करी में इस्तेमाल होने वाले वाहनों को नियमानुसार जब्त करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा महिला थाना एवं अनुसूचित जाति-जनजाति थाना के निर्माणाधीन भवनों का कार्य जल्द पूरा कराने पर भी जोर दिया गया। डीएम ने स्पष्ट कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और अपराध व अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, डीडीसी सुमित कुमार, एसडीओ प्रभाकर कुमार, एसडीपीओ शिवम कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता राहुल कुमार, सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।