
दिनांक – 18.09.2026
जिला जन-संपर्क कार्यालय, शिवहर
राज्य में जनसुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, सार्वजनिक परिसंपत्तियों के बेहतर रख-रखाव तथा आधारभूत संरचनाओं के उन्नयन को गति प्रदान करने के उद्देश्य से माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी के कर-कमलों द्वारा ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला पदाधिकारी, शिवहर श्रीमती प्रतिभा रानी सहित जिले के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने संवाद कक्ष, समाहरणालय, शिवहर से सहभागिता की।
‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ी सरकारी एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों को अधिक उपयोगी, व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाना है। अभियान के अंतर्गत पूर्व से उपलब्ध आधारभूत संरचनाओं एवं परिसंपत्तियों के उन्नयन, सुदृढ़ीकरण, मरम्मत एवं आवश्यक सुविधाओं में सुधार के साथ-साथ स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप नई आधारभूत संरचनाओं एवं परिसंपत्तियों के निर्माण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अभियान के माध्यम से सरकारी भवनों एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों में साफ-सफाई, रख-रखाव, रंग-रोगन, पेयजल, बिजली, शौचालय एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसका उद्देश्य उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करते हुए आम नागरिकों को सरकारी सेवाओं एवं सार्वजनिक सुविधाओं का बेहतर अनुभव प्रदान करना है।
‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ 17 सितंबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत सरकारी परिसंपत्तियों के रंग रौग़न, उन्नयन एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य 30 नवंबर 2026 तक किया जाना है। नव निर्माण कार्य को भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए चयनित कर 31 मार्च 2027 तक पूर्ण किया जाना है।
अभियान में स्थानीय आवश्यकताओं को विशेष महत्व दिया गया है। ग्राम एवं पंचायत स्तर पर उपलब्ध सार्वजनिक परिसंपत्तियों तथा आवश्यक विकास कार्यों की पहचान कर उन्हें योजनाबद्ध तरीके से क्रियान्वित किए जाने पर बल दिया गया है, ताकि विकास कार्यों का लाभ सीधे स्थानीय लोगों तक पहुंचे।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान अभियान के उद्देश्यों, प्राथमिकताओं तथा विभिन्न स्तरों पर किए जाने वाले कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की गई। अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय, कार्यों की प्राथमिकता निर्धारित करने, उपलब्ध परिसंपत्तियों की स्थिति का आकलन करने तथा समयबद्ध तरीके से आवश्यक कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
जिला प्रशासन, शिवहर द्वारा भी अभियान को प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने की दिशा में संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर जिले की आवश्यकताओं के अनुरूप कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। विशेष रूप से शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनवाड़ी केंद्र (आई सी डी एस) अंतर्गत सार्वजनिक परिसंपत्तियों एवं आधारभूत संरचनाओं पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा जिनका सीधा संबंध आम नागरिकों, बच्चों, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं ग्रामीण आबादी को मिलने वाली सुविधाओं से है।
अभियान का उद्देश्य केवल परिसंपत्तियों का भौतिक सुधार करना नहीं, बल्कि सार्वजनिक सुविधाओं को अधिक स्वच्छ, सुव्यवस्थित, उपयोगी एवं जनोपयोगी बनाना भी है। इसके माध्यम से स्थानीय स्तर पर छोटी-बड़ी आवश्यकताओं की पहचान कर उनका समाधान किए जाने तथा सरकारी परिसंपत्तियों के बेहतर रख-रखाव की व्यवस्था विकसित किए जाने पर बल दिया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा अभियान के तहत संचालित गतिविधियों में जनभागीदारी एवं स्थानीय सहभागिता को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, परिसंपत्तियों के संरक्षण एवं जनसुविधाओं के रख-रखाव के प्रति नागरिकों में जागरूकता विकसित करना अभियान की सफलता का महत्वपूर्ण आधार होगा।
जिला प्रशासन, शिवहर ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ के माध्यम से जिले में उपलब्ध सार्वजनिक परिसंपत्तियों एवं जनसुविधाओं के सतत सुधार तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
Sheohar, Bihar | Sep 18, 2026