जिला जनसंपर्क कार्यालय, शिवहर
दिनांक :- 18.09.26
जिला पदाधिकारी, शिवहर श्रीमती प्रतिभा रानी द्वारा आँगनवाड़ी केंद्र संख्या–111 का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्र के संचालन एवं विभागीय दायित्वों के निर्वहन में कई कमियाँ पाई गईं। इस पर जिला पदाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कर्मियों एवं पदाधिकारियों की जवाबदेही निर्धारित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आँगनवाड़ी केंद्रों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को मिलने वाली सेवाएँ अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इन सेवाओं में लापरवाही बरतना सरकारी दायित्वों के प्रति गंभीर उदासीनता मानी जाएगी।
निरीक्षण में पाई गई कमियों के संबंध में संबंधित कर्मी एवं पर्यवेक्षणीय पदाधिकारी से स्पष्टीकरण (Show Cause) माँगने का निर्देश दिया गया है। स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने की स्थिति में दोषी कर्मियों एवं पदाधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने बाल विकास परियोजना से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि आँगनवाड़ी केंद्रों का संचालन निर्धारित समय-सारणी एवं विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित करें। लाभार्थियों को पोषण, स्वास्थ्य, विद्यालय-पूर्व शिक्षा तथा अन्य निर्धारित सेवाएँ नियमित एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराई जाएँ।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को केंद्र की सभी कमियों को अविलंब दूर कराने तथा अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। साथ ही जिले के अन्य आँगनवाड़ी केंद्रों का भी नियमित एवं औचक निरीक्षण करने को कहा।
इस निरीक्षण के क्रम में सभापति, नगर परिषद एवं जिला स्तरीय अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
जिला पदाधिकारी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही के प्रति जिला प्रशासन की “शून्य सहनशीलता” की नीति है। बच्चों एवं महिलाओं के अधिकारों और सुविधाओं से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। भविष्य में ऐसी कमियाँ पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Sheohar, Bihar | Sep 18, 2026