दिनांक-18.09.2026
जिला जन-संपर्क कार्यालय, शिवहर।
---- जिलाधिकारी श्रीमती प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में वार्षिक खेल प्रतियोगिता 2026-27 को लेकर बैठक संपन्न, प्रतियोगिता की तिथियों में हुआ संशोधन।
▪️ निबंधन की अंतिम तिथि 25 सितंबर निर्धारित, जल्द जारी होंगी प्रतियोगिता की नई तिथियां
▪️ जिले के तीन प्रमुख केंद्रों पर होगा खेलों का भव्य आयोजन ----
जिला पदाधिकारी, शिवहर श्रीमती प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में आज दिनांक-18.09.2026 को वार्षिक खेल प्रतियोगिता 2026-27 की आयोजन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिले में खेलकूद की गतिविधियों को बढ़ावा देने और आगामी खेल प्रतियोगिता की रूपरेखा व तैयारियों को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई।
कतिपय कारणों से वार्षिक खेल प्रतियोगिता 2026-27 की पूर्व निर्धारित तिथियों में संशोधन किया जाएगा। आयोजन समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, प्रतियोगिता के आयोजन की नई (संशोधित) तिथियों की घोषणा जल्द ही एक अलग सूचना के माध्यम से जारी की जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने जिले के सभी संबंधित विद्यालयों, खेल संस्थानों एवं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को निर्देश देते हुए अपील की है कि प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु अपना निबंधन (Registration) हर हाल में 25 सितंबर, 2026 तक सुनिश्चित कर लें। निर्धारित तिथि के बाद निबंधन पर विचार नहीं किया जाएगा।
इस भव्य वार्षिक खेल प्रतियोगिता के सुचारू संचालन के लिए जिले में तीन प्रमुख आयोजन स्थलों का चयन किया गया है, जहाँ शतरंज, कबड्डी, साईकलिंग, अथलेटिक्स, फुटबॉल, बॉलीबॉल, बैडमिंटन, क्रिकेट, खो - खो, टेबल टेनिस, योग आदि विधाओं का आयोजन होगा:
1. नवाब हाई स्कूल, शिवहर
2. समाहरणालय मैदान , शिवहर
3. खेल भवन, शिवहर
कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद शिवहर को निदेशित किया गया कि कार्यक्रम से पूर्व सभी मैदानों को दुरुस्त करेंगे।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि चयनित सभी आयोजन स्थलों पर खिलाड़ियों के लिए पेयजल, सुरक्षा और अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाएं ससमय दुरुस्त कर ली जाएं। इस बैठक में उप विकास आयुक्त, उपाधीक्षक (खेल), निदेशक (एन ई पी), पुलिस उपाधीक्षक सहित जिलास्तरीय अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
जिला प्रशासन और आयोजन समिति ने जिले के सभी युवाओं और छात्र-छात्राओं से इस खेल महाकुंभ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और 25 सितंबर तक अनिवार्य रूप से अपना निबंधन कराने का आह्वान किया है।
Sheohar, Bihar | Sep 18, 2026