
नेपाल में लगातार हो रही बारिश और वाल्मीकिनगर बैराज में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सारण जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। संभावित बाढ़ की स्थिति को लेकर जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आपदा संबंधी समीक्षा बैठक हुई।
प्रशासन ने गंडक नदी के तटवर्ती पानापुर, तरैया, अमनौर, मकेर, परसा, दरियापुर और सोनपुर प्रखंडों में 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को अगले 24 से 36 घंटे में संभावित प्रभाव को देखते हुए अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है।
तटबंधों की लगातार निगरानी, नदी किनारे बसे पंचायतों में माइकिंग के जरिए लोगों को जागरूक करने और किसी भी तरह के सीपेज, रिसाव या तटबंध में क्षति की सूचना तत्काल जल संसाधन विभाग को देने का निर्देश दिया गया है।
संभावित जलभराव की स्थिति को देखते हुए प्रभावित लोगों के सुरक्षित निष्क्रमण की पूर्व तैयारी, चिन्हित विद्यालयों व सुरक्षित भवनों में आश्रय स्थल और कम्युनिटी किचन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।
प्रशासन ने स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय रखने और किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए सभी संबंधित विभागों को पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया है।
⚠️ अगले 24 से 36 घंटे सारण के तटवर्ती इलाकों के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
#Saran #Chhapra #BiharNews #FloodAlert #Gandak #SaranNews
Chapra, Saran | Sep 26, 2026