पिकअप की छत पर यात्रियों को बैठाकर परिचालन, डीटीओ ने किया चालान
लखीसराय। जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला परिवहन पदाधिकारी पंकज मुकुल मनी ने पिकअप वाहन की जांच के दौरान यात्रियों को वाहन की छत पर बैठाकर ले जाते हुए पकड़ा। जांच में निर्धारित सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर वाहन का चालान किया गया।परिवहन विभाग के अनुसार, पिकअप वाहन पर यात्रियों को असुरक्षित तरीके से बैठाकर परिचालन करना सड़क सुरक्षा के दृष्टिकोण से बेहद जोखिमपूर्ण है। दुर्घटना की स्थिति में यात्रियों को गंभीर चोट लगने अथवा जानमाल की क्षति की आशंका रहती है।
डीटीओ ने वाहन चालकों और मालिकों से अपील की है कि यात्रियों को वाहन की छत अथवा किसी अन्य असुरक्षित स्थान पर बैठाकर परिचालन नहीं करें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जाएगी।