
गैंगस्टर अजब सिंह की पत्नी के नाम दर्ज 3.88 लाख की संपत्ति जब्त
ढोलना पुलिस की कार्रवाई, ट्रैक्टर और बाइक पर गैंगस्टर एक्ट के तहत हुई कुर्की
कासगंज, 9 सितंबर। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ढोलना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के अभियुक्त अजब सिंह की पत्नी के नाम दर्ज चल संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई की है। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के क्रम में गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, थाना सोरों में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे से संबंधित अभियुक्त अजब सिंह पुत्र रामभरोसे निवासी रजपुरा, थाना नया गांव, जनपद एटा पर अवैध गतिविधियों से धन अर्जित कर संपत्ति बनाने का आरोप है। इसी संपत्ति के तहत उसकी पत्नी के नाम दर्ज एक ट्रैक्टर और एक मोटरसाइकिल को जब्त किया गया।
जब्त संपत्ति में माइलेज मास्टर ट्रैक्टर संख्या UP 82 AE 8551, जिसकी अनुमानित कीमत 3,60,750 रुपये, तथा स्पेलेंडर प्लस मोटरसाइकिल संख्या UP 82 AA 8121, जिसकी अनुमानित कीमत 27,724 रुपये है। दोनों संपत्तियों की कुल अनुमानित कीमत 3,88,474 रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक अभियुक्त अजब सिंह के खिलाफ एटा, कासगंज और फतेहगढ़ जनपदों के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, माल बरामदगी, आपराधिक साजिश सहित गैंगस्टर एक्ट के कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई थाना ढोलना के प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार भदौरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की। पुलिस का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्ति के खिलाफ कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।