#भरतपुर। बयाना उप जिला अस्पताल में पिछले तीन वर्षों से बंद पड़ी सोनोग्राफी जांच सुविधा आखिरकार दोबारा शुरू होने जा रही है। सोमवार को बयाना दौरे पर आए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को स्थानीय प्रतिनिधियों द्वारा ज्ञापन सौंपे जाने के बाद यह त्वरित कार्रवाई हुई है। सीएम के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग के सीएमएचओ डॉ. गौरव कपूर ने भुसावर सीएचसी के सोनोलॉजिस्ट डॉ. केदारनाथ नेवला को बयाना अस्पताल में नियुक्त किया है। मंगलवार को पीएमओ डॉ. जोगेंद्र सिंह की मौजूदगी में डॉ. नेवला ने पदभार ग्रहण कर लिया है और डॉक्टर के रजिस्ट्रेशन व ट्रैकिंग प्रक्रिया पूरी होते ही अगले तीन दिनों में मरीजों की जांचें शुरू हो जाएंगी। अस्पताल में लंबे समय से सोनोग्राफी मशीन बंद होने के कारण विशेषकर गर्भवती महिलाओं और सामान्य मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। मजबूरी में मरीजों को महंगे दामों पर निजी सेंटरों में जांच करानी पड़ती थी, जिससे उनके समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती थी।