
ग्राम उमरिया की नई बस्ती में 20 परिवारों को मिलेगी विद्युत सुविधा, 2.3 किलोमीटर एलटी लाइन विस्तार का प्रस्ताव तैयार
----------------------------
जन आकांक्षा पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के निराकरण की दिशा में विद्युत विभाग ने की पहल, लगभग 150 रहवासियों को मिलेगा लाभ
----------------------------
विदिशा। जिले के शमशाबाद तहसील अंतर्गत ग्राम उमरिया की नई बस्ती (टांडा) में निवासरत परिवारों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन द्वारा पहल की जा रही है। बस्ती में विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विद्युत विभाग द्वारा कार्ययोजना तैयार कर प्रस्ताव बनाया गया है। इससे बस्ती के लगभग 20 से 30 परिवारों के करीब 150 रहवासियों को लाभ मिलने की संभावना है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम उमरिया की नई बस्ती में बिजली सुविधा उपलब्ध कराने के संबंध में आवेदक बाबूलाल द्वारा जनसुनवाई के माध्यम से कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया गया था। यह आवेदन जन आकांक्षा पोर्टल पर शिकायत क्रमांक 607803 के रूप में दर्ज हुआ था। आवेदन में बस्ती में बिजली सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई थी।
इस संबंध में विद्युत वितरण कंपनी के उपमहाप्रबंधक, विदिशा संभाग द्वारा पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया है कि ग्राम उमरिया की नई बस्ती (टांडा), तहसील शमशाबाद में लगभग 20 से 30 परिवार निवासरत हैं, जिनकी कुल आबादी करीब 150 है। यह बसाहट मोटा-4 कार्ययोजना के अंतर्गत 20 अथवा उससे अधिक अविद्युतीकृत घरों की श्रेणी में आती है। विद्युत विभाग द्वारा उक्त बस्ती के विद्युतीकरण के लिए 2.3 किलोमीटर एलटी लाइन विस्तार करने तथा 20 नए विद्युत उपभोक्ताओं को जोड़ने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्रस्ताव के क्रियान्वयन से बस्ती के रहवासियों को विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा।
उल्लेखनीय है कि आवेदकगण द्वारा बस्ती में बिजली के साथ-साथ आवागमन के लिए रास्ता, स्कूल, पेयजल हेतु नल कनेक्शन तथा आंगनवाड़ी जैसी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है। इन सुविधाओं की उपलब्धता से बस्ती के परिवारों को बेहतर जीवन स्तर, शिक्षा, पेयजल एवं महिला-बाल विकास संबंधी सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। जिला प्रशासन द्वारा जन आकांक्षा पोर्टल एवं जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके निराकरण की दिशा में कार्यवाही की जा रही है। #vidisha