
पंचायती राज चुनाव को लेकर संभावित प्रत्याशियों की प्रबोधन कार्यशाला आयोजित।
दैनिक वीरधरा राजस्थान। श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी।
सवाई माधोपुर। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम के निर्देशन में शनिवार को जिले की सभी पंचायत समितियों में जिला परिषद , पंचायत समिति सदस्य, पंच एवं सरपंच पदों के संभावित प्रत्याशियों के लिए प्रबोधन कार्यशालाएं आयोजित की गईं। सवाई माधोपुर में जिला परिषद सभागार, मलारना डूंगर में भारत निर्माण सेवा केन्द्र तथा वजीरपुर में उपखंड अधिकारी कार्यालय सहित अन्य पंचायत समिति मुख्यालयों पर कार्यशालाओं के माध्यम से संभावित प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
कार्यशालाओं में जिला स्तरीय प्रशिक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से नाम निर्देशन पत्र भरने, आवश्यक दस्तावेज संलग्न करने, नामांकन पत्रों की संवीक्षा, नाम वापसी तथा निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान निर्धारित नियमों की पालना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही संभावित प्रत्याशियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया।
कार्यशाला में बताया गया कि नामांकन पत्र सार्वजनिक सूचना जारी होने के दिन से निर्धारित अंतिम तिथि तक प्रस्तुत किए जा सकते हैं, बशर्ते संबंधित दिन सार्वजनिक अवकाश न हो। पंचायत समिति सदस्य पद के लिए अभ्यर्थी संबंधित पंचायत समिति के किसी भी निर्वाचन क्षेत्र का मतदाता होना चाहिए, जबकि जिला परिषद सदस्य पद के लिए संबंधित जिला परिषद के किसी भी निर्वाचन क्षेत्र का मतदाता होना आवश्यक है।
नामांकन पत्र पर अभ्यर्थी एवं प्रस्तावक के हस्ताक्षर अनिवार्य हैं। प्रस्तावक उसी निर्वाचन क्षेत्र का मतदाता होना चाहिए। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल द्वारा स्थापित अभ्यर्थी के लिए एक प्रस्तावक तथा अन्य अभ्यर्थियों के लिए पांच प्रस्तावक आवश्यक बताए गए। एक प्रस्तावक एक से अधिक अभ्यर्थियों का नामांकन प्रस्तावित नहीं कर सकता। आरक्षित निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाले अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को निर्धारित श्रेणी का सक्षम अधिकारी द्वारा जारी प्रमाण-पत्र भी संलग्न करना होगा।
इस दौरान संबंधित रिटर्निंग अधिकारी, निर्वाचन कार्मिक, प्रशिक्षक, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संभावित प्रत्याशी उपस्थित रहे।