
छतरपुर में 27 अगस्त को आयोजित होगा “खेलो इंडिया संवाद”
---
राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (भारत सरकार) के युवा कार्यक्रम विभाग के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत (MY Bharat) और राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में 27 अगस्त 2026 को “खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात PM के साथ” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिले के श्रीकृष्णा विश्वविद्यालय, छतरपुर को इस राष्ट्रीय आयोजन हेतु चयनित महाविद्यालयों में शामिल किया गया है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देश के युवाओं को खेल, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण के राष्ट्रीय विजन से जोड़ना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन के साथ होगा। इसके पश्चात विश्वविद्यालय स्तर पर खेल जगत के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श (Moderated Discussion) एवं युवा संवाद सत्र आयोजित किया जाएगा।
युवा संवाद के दौरान प्रतिभागी प्रमुख विषयों पर अपने विचार एवं सुझाव साझा करेंगे जिसमें युवा नागरिक दायित्व एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान, भविष्य के लिए आवश्यक कौशल (Future-Ready Skills), आधुनिक स्वयंसेवा (Modern Volunteering), MY Bharat प्लेटफॉर्म को और अधिक सशक्त बनाने के उपाय शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं द्वारा दिए गए उत्कृष्ट विचारों एवं सुझावों को संकलित कर आगामी नीतिगत प्रक्रियाओं हेतु प्रेषित किया जाएगा।
विशेष अभियान एवं जागरूकता
आयोजन के दौरान MY Bharat पोर्टल पर पंजीयन अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़कर उन्हें विभिन्न राष्ट्रीय अवसरों, खेल गतिविधियों एवं स्वयंसेवा के अवसरों से जोड़ा जा सके।
इसके साथ ही युवाओं में जागरूकता एवं सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से Viksit Bharat Young Leaders Dialogue (VBYLD) 2027 Quiz का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि युवा इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पहल में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि
कार्यक्रम में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं छतरपुर विधायक ललिता यादव जी एवं बिजावर विधायक राजेश शुक्ला विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे।
“खेलो इंडिया संवाद” युवाओं को खेल, फिटनेस, नेतृत्व और स्वयंसेवा के माध्यम से ‘युवा-नेतृत्व वाले विकसित भारत’ के निर्माण की दिशा में प्रेरित करने वाली एक महत्वपूर्ण पहल है।
#chhatarpur