
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नवादा की पहल पर विद्यालय छोड़ चुके छात्र के नामांकन की प्रक्रिया आरंभ।
विद्वान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नवादा आशुतोष कुमार के निर्देश पर अरविन्द कुमार, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नवादा की पहल पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नवादा द्वारा वर्ग सप्तम के छात्र विक्की कुमार का कक्षा अष्टम में नामांकन हेतु प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
विदित हो कि सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नवादा द्वारा व्यवहार न्यायालय के ई-सेवा केंद्र के औचक निरीक्षण के क्रम में पढ़ाई के समय सप्तम वर्ग का छात्र विक्की कुमार स्कूल छोड़कर व्यवहार न्यायालय, नवादा में घूमता हुआ पाया गया। इस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए छात्र विक्की कुमार से जानकारी ली गई। उक्त छात्र से जानकारी लेने के दौरान पता चला कि वह उत्क्रमित मध्य विद्यालय, वारिसलीगंज में कक्षा सप्तम में पढ़ता था, परंतु विद्यालय से नाम कट जाने के कारण वह छात्र बाहर व्यवहार न्यायालय परिसर में एक वयस्क व्यक्ति के साथ घूम रहा था, जिसकी सूचना उसके माता-पिता को भी नहीं थी तथा उसके साथ उसके परिवार का कोई सदस्य नहीं था।
छात्र से न्यायालय आने का कारण पूछने पर उसने बताया कि उसका कोई केस नहीं है तथा वह पैरवी करने आए एक वयस्क व्यक्ति के साथ न्यायालय परिसर में आ गया था।
इस घटना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सचिव महोदय द्वारा जिला बाल संरक्षण इकाई, नवादा के सहायक निदेशक को उक्त छात्र के नामांकन हेतु पत्र प्रेषित किया गया तथा इसकी सूचना जिला शिक्षा पदाधिकारी, नवादा को भी दी गई।
विदित हो कि उक्त छात्र विक्की कुमार, ग्राम मसूदा, थाना वारिसलीगंज, जिला नवादा का निवासी है, जो उत्क्रमित मध्य विद्यालय, वारिसलीगंज, जिला नवादा में कक्षा सप्तम में अध्ययनरत था, परंतु कक्षा अष्टम में उसका नामांकन नहीं कराया गया। छात्र से पूछने पर उसने बताया कि उसका नाम पूर्व में विद्यालय से काट दिया गया है तथा उसे विद्यालय से भगा दिया जाता है और उसका नामांकन कक्षा अष्टम में नहीं किया गया है।
इस पर सचिव महोदय द्वारा जिला बाल संरक्षण इकाई को छात्र का नामांकन कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया तथा नामांकन प्रक्रिया सुनिश्चित करते हुए सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नवादा को अविलंब अवगत कराने हेतु निर्देशित किया गया।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Aug 22, 2026