
क्राइम कंट्रोल के लिए रेवाड़ी पुलिस की विशेष रणनीति: 8 महीनों में अपराध में 15.7 % की आई गिरावट।
-इस वर्ष 11 इनामी बदमाशों समेत 180 भगोड़े अपराधी चढ़े पुलिस के हत्थे
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार।
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ,आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन में जिला रेवाड़ी में अपराध नियंत्रण को अधिक प्रभावी बनाने, फील्ड पुलिसिंग को मजबूत करने, तकनीकी निगरानी बढ़ाने और लंबित मामलों के जल्द निपटारे को लेकर रेवाड़ी पुलिस ने एक विशेष रणनीति तैयार की है। गुरुवार को जिला लघु सचिवालय रेवाड़ी स्थित पुलिस कार्यालय में एएसपी दीपिका अग्रवाल, आईपीएस की अध्यक्षता में एक जिलास्तरीय कानून-व्यवस्था एवं अपराध समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में डीएसपी हेडक्वार्टर संजीव बल्हारा, जिले के सभी थाना प्रबंधक और पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
अपराध में 15.7% की गिरावट, फील्ड में सक्रियता बढ़ाने के निर्देश
बैठक के दौरान एएसपी दीपिका अग्रवाल ने जिले की मौजूदा कानून-व्यवस्था और अपराध स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष (2025) की समान अवधि (1 जनवरी से 31 अगस्त) की तुलना में वर्ष 2026 के इन आठ महीनों में रेवाड़ी जिले में कुल अपराध के मामलों में 15.7 प्रतिशत की उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। एएसपी दीपिका अग्रवाल ने इस सुधार पर पुलिस टीमों की सराहना की और सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे फील्ड में सक्रियता और गश्त बढ़ाकर अपराध के आंकड़ों में और अधिक सुधार लाएं।
180 भगोड़े अपराधी गिरफ्तार, बाकी की तलाश तेज
भगोड़े (PO) और इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की समीक्षा करते हुए बताया गया कि रेवाड़ी पुलिस ने इस वर्ष अब तक 11 इनामी बदमाशों सहित कुल 180 भगोड़े अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। एएसपी ने सख्त हिदायत दी कि बचे हुए सभी भगोड़ों को भी चिन्हित कर जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए।
तकनीकी निगरानी, CCTV नेटवर्क और 'अभेद्य ऐप' पर जोर
एएसपी दीपिका अग्रवाल ने आधुनिक दौर के अपराधों से निपटने के लिए पुलिस को आधुनिक तकनीकों, सॉफ्टवेयर और विशेष प्रशिक्षण से लैस करने पर जोर दिया:
'अभेद्य ऐप' का इस्तेमाल: गन कल्चर, रंगदारी (रंगदारी मांगने वाले गिरोह) और 'डिजिटल अरेस्ट' जैसे नए दौर के डिजिटल/साइबर अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए 'अभेद्य ऐप' का अधिक से अधिक उपयोग करने के निर्देश दिए।
CCTV नेटवर्क विस्तार: जिले के संवेदनशील और मुख्य मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों का दायरा बढ़ाया जाए।
स्मार्ट गश्त: राइडर, ईआरवी (ERV) और पीसीआर (PCR) की टीमों को अलर्ट मोड पर रखने और नाकेबंदी में मुस्तैदी बढ़ाने को कहा गया है।
लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण व अवैध बत्ती/सायरन पर कड़ा एक्शन
एएसपी दीपिका अग्रवाल ने सभी थाना प्रभारियो को सख्त निर्देश दिए कि पुराने और लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए और जांच प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न की जाए।
इसके अलावा एएसपी दीपिका अग्रवाल ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों—जैसे कि फर्जी सरकारी स्टीकर, लाल-नीली बत्ती, बुलेट पटाखा और अवैध सायरन लगाकर चलने वाले चालकों पर पैनी नजर रखने और उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
Rewari, Rewari | Sep 10, 2026