
#भरतपुर। उच्चैन नगरपालिका के नव नियुक्त अध्यक्ष दलीप सिंह अंबेश और उपाध्यक्ष मनोज कुमार की अध्यक्षता में पार्षदों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कस्बे की प्राथमिक व्यवस्थाओं, सफाई, स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट लाइटों की मरम्मत और विभिन्न वार्डों की ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और नियमित निगरानी के लिए पार्षदों की 5-5 सदस्यीय दो विशेष समितियों का गठन किया गया, जिनमें से एक समिति शहर की सफाई व्यवस्था और दूसरी समिति बिजली तथा स्ट्रीट लाइटों की देखरेख का काम संभालेगी। आगामी दीपावली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने कस्बे की सभी बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों और हाईमास्ट लाइटों को जल्द ठीक कराने और सफाई अभियान को गति देने के कड़े निर्देश दिए। अध्यक्ष दलीप सिंह अंबेश ने उच्चैन को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सभी पार्षदों से एकजुट होकर सहयोग करने की अपील की। पार्षदों की बैठक के उपरांत पालिका नेतृत्व ने सफाई कर्मचारियों की भी अलग से बैठक ली, जिसमें उन्हें अपने काम में अनुशासन बनाए रखने और जिम्मेदारी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने की हिदायत दी गई।