
बरेली में एक बच्ची के दो जन्म प्रमाणपत्र बनाने का आरोप! तीन साल के अंतर से बदली जन्मतिथि, नगर निगम के रिकॉर्ड पर उठे गंभीर सवाल
पहले प्रमाणपत्र में अस्पताल में जन्म, दूसरे में घर पर जन्म दर्शाने का दावा; शिकायतकर्ता ने डीएम से की निष्पक्ष जांच और मुकदमा दर्ज कराने की मांग
बरेली। नगर निगम के जन्म प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया पर सवाल खड़ा करने वाला एक मामला सामने आया है। एक ही बालिका के नाम पर तीन साल के अंतराल में अलग-अलग जन्मतिथि और जन्मस्थान दर्शाते हुए दो जन्म प्रमाणपत्र जारी कराए जाने का आरोप लगाया गया है। मामले को लेकर मोहम्मद जावेद अंसारी निवासी गुलिस्ता कॉलोनी, जगतपुर ने जिलाधिकारी बरेली को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, जावेद अख्तर अंसारी पुत्र एजाज हुसैन और उनकी पत्नी नेहा परवीन निवासी सूफी टोला की पुत्री जोया अंसारी के नाम से नगर निगम के अभिलेखों में दो अलग-अलग जन्म प्रमाणपत्र दर्ज हैं।
प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि पहला जन्म प्रमाणपत्र पंजीकरण संख्या 8-2021:9-90233-003230 दिनांक 26 मई 2021 को जारी हुआ था। इसमें बालिका की जन्मतिथि 19 जनवरी 2021 और जन्मस्थान गोयल अस्पताल, किला, बरेली दर्ज है।
वहीं, शिकायतकर्ता का आरोप है कि दूसरा जन्म प्रमाणपत्र पंजीकरण संख्या 8202409902330020306 दिनांक 15 जुलाई 2024 को जारी कराया गया। इसमें उसी बालिका की जन्मतिथि 19 जनवरी 2024 और जन्मस्थान सूफी टोला स्थित मकान संख्या 342 दर्शाया गया है।
तीन साल का अंतर और जन्मस्थान में बदलाव बना जांच का विषय
शिकायतकर्ता ने अपने प्रार्थना पत्र में सवाल उठाया है कि यदि बालिका का जन्म ऑपरेशन के जरिए हुआ था और पहले प्रमाणपत्र में जन्मस्थान अस्पताल दर्ज है, तो दूसरे प्रमाणपत्र में घर पर जन्म होना कैसे दर्शाया गया? शिकायतकर्ता ने इसे गंभीर विसंगति बताते हुए दोनों प्रमाणपत्रों के जारी होने की प्रक्रिया, प्रस्तुत दस्तावेजों और नगर निगम के रिकॉर्ड की जांच कराने की मांग की है।
डीएम से मुकदमा दर्ज कराने की मांग
मोहम्मद जावेद अंसारी ने जिलाधिकारी से मांग की है कि दोनों जन्म प्रमाणपत्रों की छायाप्रतियों के आधार पर संबंधित अधिकारियों से अभिलेखों की जांच कराई जाए। यदि जांच में कूटरचित दस्तावेजों के जरिए गलत जानकारी देकर प्रमाणपत्र बनवाने की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराकर नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
शिकायतकर्ता ने अपने शिकायती पत्र के साथ दोनों जन्म प्रमाणपत्रों की छायाप्रतियां भी साक्ष्य के रूप में संलग्न करने की बात कही है।
फिलहाल यह मामला शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। दोनों जन्म प्रमाणपत्रों की वास्तविकता, उनके जारी होने की प्रक्रिया और कथित अनियमितता की पुष्टि आधिकारिक जांच के बाद ही हो सकेगी। संबंधित पक्षों का जवाब और प्रशासन की जांच रिपोर्ट सामने आना बाकी है।
#Bareilly #live #news