
घर में दबिश के दौरान 17.68 ग्राम चिट्टा बरामद, मां-बेटे समेत तीन गिरफ्तार
अम्ब पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ की बड़ी कार्रवाई, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
अम्ब। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अम्ब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर पंचायत अम्ब के वार्ड नंबर-8 में एक घर पर दबिश दी। पुलिस ने तलाशी के दौरान 17.68 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। मामले में पुलिस ने मां-बेटे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, वार्ड नंबर-8 स्थित एक घर में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर मंगलवार शाम थाना प्रभारी अम्ब विपिन कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम ने घर में दबिश देकर तलाशी ली। इस दौरान पुलिस को 17.68 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से निशांत (32) और उसकी माता रंजना देवी (58), दोनों निवासी वार्ड नंबर-8 अम्ब, तथा विशाल (30), निवासी वार्ड नंबर-3 अम्ब को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नशीला पदार्थ कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को आज अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और क्या इसके पीछे किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क का हाथ है।
News Today Himachal
#Una #Amb #Chitta #DrugFreeHimachal #HimachalPradesh #DrugNews #NewsTodayHimachal