
80 हजार मेहमानों की मौजूदगी में होगी मंत्री संदीप सिंह की सगाई, 100 बीघा में बना शाही पंडाल
अलीगढ़ में 14 नवंबर को भव्य रिंग सेरेमनी, 60 तरह के पकवानों से होगा मेहमानों का स्वागत; कैलाश खेर देंगे खास प्रस्तुति
यूपी के शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और उनके छोटे भाई सौरभ सिंह वर्मा की 14 नवंबर को अलीगढ़ में भव्य रिंग सेरेमनी (सगाई) आयोजित होगी। इस समारोह में करीब 80 हजार मेहमानों के शामिल होने की संभावना है।
रामघाट कल्याण मार्ग स्थित तालानगरी के 100 बीघा मैदान में समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। यहां महलनुमा भव्य पंडाल तैयार किया गया है। मेहमानों के लिए 4 मंच, 657 कारों की पार्किंग और अलग-अलग लाउंज बनाए गए हैं।
समारोह में मेहमानों को 50 से 60 तरह के व्यंजन परोसे जाएंगे। मशहूर गायक कैलाश खेर अपनी प्रस्तुति से कार्यक्रम में चार चांद लगाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उपमुख्यमंत्रियों समेत कई बड़े नेताओं के पहुंचने की संभावना है।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर करीब 700 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। वहीं, समारोह स्थल के 150 मीटर के दायरे में आने वाले तीन स्कूल भी बंद रहेंगे।