
‘आशीर्वाद का दीया’ से प्रधानमंत्री मोदी को बिहार देगा सम्मान, 17 सितंबर को घर-घर जलेगा दीप
25 करोड़ दीप प्रज्वलन का लक्ष्य, 2.50 करोड़ लोगों को अभियान से जोड़ने की तैयारी
लखीसराय, 10 सितंबर। गगन दीप की रिपोर्ट -प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के सेवा संकल्प, राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए बिहार में ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान चलाया जाएगा। 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत 25 करोड़ दीप प्रज्वलित करने और 2.50 करोड़ लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
यह जानकारी बिहार सरकार के कृषि मंत्री सह लखीसराय विधायक विजय कुमार सिन्हा ने गुरुवार को लखीसराय विधानसभा प्रधान कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर लौटने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को शाम सात बजे बिहार के घर-घर में दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जनता अपना स्नेह और आशीर्वाद व्यक्त करेगी।
कृषि मंत्री ने कहा कि ‘श्रममेव जयते’ की भावना के साथ भगवान विश्वकर्मा के आशीर्वाद से अपने कौशल और श्रम के जरिए देश निर्माण में योगदान देने वाले श्रमिकों और सृजनकर्ताओं के सम्मान को भी अभियान से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि ‘जिसने जीवन संवारा, उसे आशीर्वाद हमारा’ के भाव के साथ लोग प्रधानमंत्री के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करेंगे।
जनकल्याणकारी योजनाओं को भी अभियान से जोड़ने की तैयारी
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीबों, किसानों, श्रमिकों, महिलाओं और युवाओं के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत सरोवर, जन औषधि केंद्र, आयुष्मान भारत, सड़क-सेतु सहित विभिन्न विकास कार्यों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।
अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने के लिए जन वितरण प्रणाली की दुकानों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से दीपों का वितरण किया जाएगा। कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को अभियान से जोड़ेंगे। इसके अलावा चयनित स्थानों पर सामूहिक दीप प्रज्वलन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
कृषि मंत्री ने कहा कि दीप आशा, विश्वास, सम्मान और समृद्धि का प्रतीक है। प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा संकल्प के प्रति जनता का सामूहिक आशीर्वाद बिहार के गांव-गांव और घर-घर से व्यक्त होगा।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, जिला प्रभारी संजय कुमार सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष देवानंद साहू, जिला महामंत्री प्रमोद कुशवाहा एवं अमरजीत प्रजापति, मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा, ओबीसी मोर्चा के विकास आनंद समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।