
गैंगस्टर की गुंडागर्दी से डरी लड़की ने पढ़ाई छोड़ी, शादी नहीं करने पर दी थी तेजाब से जलाने की धमकी
यूपी के इटावा में गैंगस्टर एक लड़की को परेशान कर रहा है। गैंगस्टर लड़की पर शादी करने का दबाव बना रहा है। शादी नहीं करने पर तेजाब से जलाने की धमकी देता है।
गैंगसर लड़की से कहता है कि अभी तू मुझे जानती नहीं है, मेरे साथ शादी कर लो वरना तेजाब डाल दूंगा..तुम्हारे ऊपर ट्रक चढ़ा दूंगा। उधर पीड़िता लड़की ने गैंगस्टर की गुंडागर्दी के चलते पढ़ाई तक छोड़ दी है। मामला जब पुलिस तक पहुंचा तो आनन-फानन दबंग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की 19 साल की युवती अपने भाई के साथ एसपी सिटी बबीता सिंह से मिलने पहुंची। युवती ने बताया कि गांव का निखिल उसे परेशान करता है। मंगलवार को वह दो कारों से आठ-दस साथियों के साथ उसके घर पहुंचा और साथ चलने के लिए कहा। मना करने पर जबरदस्ती घसीटते हुए कार में बैठाने लगा। हो-हल्ला मचने पर उसके भाई और मोहल्ले के लोग जुट गए। भीड़ आती देख सभी धमकाते हुए भाग निकले। इसकी शिकायत थाने में की तो कोई सुनवाई नहीं हुई।
आरोपी की तलाश कर रही पुलिस
युवती ने बताया कि निखिल कहता है कि वह गैंगस्टर है। जबरदस्ती शादी करने का दबाव बनाता है। मना करने पर तेजाब डालने और ट्रक चढ़ाने की धमकी देता है। उसके डर से पढ़ाई छोड़ दी और घर से निकलना भी कम कर दिया। एसपी सिटी बबीता सिंह ने बताया कि युवती ने आकर शिकायत की है। निखिल नाम के लड़के पर छेड़छाड़ और अपहरण के प्रयास का आरोप लगाया है। पुलिस से जांच कराई तो घटना छेड़छाड़ की निकली। मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश कराई जा रही है। युवती के बयान की भी जांच कराई जाएगी।
धर्म परिवर्तन न करने पर जान से मारने की धमकी, केस
वहीं दूसरी ओर सोनभद्र जिले में धर्म परिवर्तन न करने पर जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पुलिस को दी तहरीर में प्रेमिका निवासी बीना बस स्टैण्ड ने आरोप लगाया है कि रेनुसागर निवासी सलीम पुत्र मुकिम कुरैशी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ लम्बे समय तक शारीरिक सम्बन्ध बनाता रहा और बाद में जब वह गर्भवती हो गयी तो उसने शादी करने से इंकार कर दिया। इस की जानकारी जब उसकी मां को हुई तो उन्होने पुलिस से इसकी शिकायत की जिस पर सलीम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। इस के बाद सलीम के परिजन एवं अन्य उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने लगे जब उसने इंकार किया तो जान से मारने की धमकी दी।
Hardoi, Hardoi | Nov 26, 2026