
नारी शक्ति और बदलते भारत की तस्वीर,
2024 बैच में 41 प्रतिशत IAS महिला अधिकारी : उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन
=======
मसूरी। उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन ने गुरुवार को मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) में 2024 बैच के IAS प्रशिक्षु अधिकारियों के फेज-II प्रशिक्षण के समापन समारोह को संबोधित किया। उन्होंने अधिकारियों से आह्वान किया कि ‘सेवा भाव और कर्तव्य बोध’ को अपने कार्य का मार्गदर्शक मंत्र बनाएं और देश के अंतिम छोर तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करें।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि सिविल सेवाएं सरकार की नीतियों को जमीनी स्तर पर लागू करने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं। विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को हासिल करने में युवा प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका बेहद अहम होगी। उन्होंने अधिकारियों से समावेशी विकास और अंतिम व्यक्ति तक शासन की पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने व्यक्तिगत उपलब्धि के बजाय टीम की सफलता को प्राथमिकता देने की अपील की। अधिकारियों से बेहतर टीम बनाने, सहयोगियों को प्रेरित करने और पूर्व अधिकारियों की अच्छी कार्यप्रणालियों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
उपराष्ट्रपति ने बताया कि 2024 बैच में करीब 41 प्रतिशत महिला अधिकारी हैं। उन्होंने इसे नारी शक्ति और बदलते भारत की तस्वीर बताते हुए कहा कि प्रतिभा रूढ़ियों से ऊपर उठकर अपनी जगह बना रही है।
#नारीशक्ति
Ronhat, Sirmaur | Aug 21, 2026