
अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी एवं पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 40 लीटर कच्ची शराब और 3300 किलो महुआ लहान जब्त कर किया नष्ट
---------------------------
विदिशा। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग एवं पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशानुसार तथा जिला आबकारी अधिकारी श्री विकास त्रिपाठी के मार्गदर्शन में बुधवार चार नवंबर को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध मदिरा एवं महुआ लहान जब्त किया गया।
जिला आबकारी बल, पुलिस थाना देहात बासौदा एवं पुलिस थाना बासौदा शहर के संयुक्त दल द्वारा गंजबासौदा तहसील के जेल रोड स्थित कंजर टपरों में सामूहिक दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान मौके से 40 लीटर अवैध कच्ची हाथ भट्टी मदिरा बरामद की गई तथा 3200 किलोग्राम महुआ लहान जब्त कर मौके पर ही नष्ट किया गया। जब्त एवं नष्ट की गई सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 3 लाख 28 हजार रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत तीन प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिए गए।
इसी क्रम में आबकारी दल द्वारा ग्राम गमाखर में अजय केवट पुत्र श्री लाल केवट, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम गमाखर, थाना बासौदा देहात के घर की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मौके से 18 पाव देसी प्लेन मदिरा बरामद होने पर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण कायम किया गया।
▪️ सिरोंज क्षेत्र में भी तीन प्रकरण दर्ज -
बासौदा में कार्रवाई के उपरांत आबकारी दल द्वारा सिरोंज क्षेत्र के वजीरपुर टपरे, पामाखेड़ी एवं बांचाखेड़ी में भी दबिश दी गई। इन स्थानों पर की गई कार्रवाई में कुल तीन प्रकरण दर्ज किए गए। मौके से 18 पाव विदेशी मदिरा, 12 पाव देसी मदिरा, 5 लीटर हाथ भट्टी मदिरा तथा 100 किलोग्राम महुआ लहान जब्त किया गया। संबंधित आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
▪️ संयुक्त दल की सक्रियता से अवैध मदिरा कारोबार पर कार्रवाई -
जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी एवं पुलिस विभाग द्वारा समन्वित रूप से कार्रवाई की जा रही है। उक्त कार्रवाई में जिले के समस्त आबकारी स्टाफ एवं पुलिस बल का सराहनीय योगदान रहा। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अवैध मदिरा के कारोबार के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।