
200 करोड़ की चिटफंड ठगी का खुलासा, 50-50 हजार के इनामी दो सगे भाई गिरफ्तार
एसटीएफ नोएडा यूनिट की कार्रवाई, पहचान बदलकर महीनों से चल रहे थे फरार
लखनऊ। चिटफंड कंपनी खोलकर निवेश के नाम पर लोगों से 200 करोड़ रुपये से अधिक की कथित ठगी करने के आरोप में एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। एसटीएफ ने दोनों को लखनऊ के कृष्णानगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शशिकांत मौर्य और सूर्यकांत मौर्य के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों के खिलाफ ठगी समेत विभिन्न धाराओं में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं और वे कई महीनों से पहचान बदलकर फरार चल रहे थे।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने वर्ष 2016 में अमर ज्योति यूनिवर्सिटी लिमिटेड नाम से कंपनी शुरू की थी। आरोप है कि बाद में दोनों ने शेयर खरीदने-बेचने और लोन दिलाने के नाम पर लोगों को निवेश के लिए आकर्षित किया और बड़ी रकम एकत्र की।
एसटीएफ के अनुसार, निवेशकों से जुटाई गई रकम में बड़े पैमाने पर अनियमितता और धोखाधड़ी किए जाने के आरोप सामने आए हैं। मामले में दोनों आरोपियों से पूछताछ कर ठगी से जुड़े अन्य लोगों और लेनदेन की जानकारी जुटाई जा रही है।