
राष्ट्रीय लोक अदालत में 22 हजार ई-चालान व ट्रैफिक मामलों के निस्तारण की तैयारी
लखीसराय। आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में ई-चालान, ट्रैफिक एवं परिवहन चालान से जुड़े करीब 22 हजार मामलों का निस्तारण किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विधानंद सागर की अध्यक्षता में उनके प्रकोष्ठ में संबंधित पदाधिकारियों की बैठक हुई।
बैठक में न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी सुमन चंद्रा, जिला परिवहन पदाधिकारी, यातायात पुलिस उपाधीक्षक एवं मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा की गई।
पदाधिकारियों ने बताया कि परिवहन एवं ट्रैफिक चालान से जुड़े लोगों को अपने मामलों का निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से कराने के लिए सूचित किया जा रहा है। इसके लिए सोशल मीडिया समेत विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।
बैठक में लोक अदालत के दिन पर्याप्त संख्या में क्यूआर कोड, हेल्प डेस्क और अधिकारियों की तैनाती करने पर सहमति बनी। समीक्षा के दौरान करीब 22 हजार परिवहन एवं ट्रैफिक चालान से संबंधित मामले चिन्हित किए गए हैं, जिन्हें 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में टेकअप कर निस्तारण की कार्रवाई की जाएगी।