
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का सम्मान, गर्भवती महिलाओं की हुई गोदभराई
कासगंज, 8 सितंबर। अयोध्या में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के सम्मान समारोह तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ वितरण कार्यक्रम का मंगलवार को विकास भवन सभागार, कासगंज में सजीव प्रसारण देखा व सुना गया। इस दौरान जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सदर विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत, अमापुर विधायक हरिओम वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप, महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़, जिलाधिकारी प्रणय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।
अतिथियों ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। साथ ही भविष्य में भी इसी समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोदभराई भी की गई।
सजीव प्रसारण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक बाल शिक्षा तथा महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी केंद्रों की अहम भूमिका है। बच्चों के स्वस्थ एवं सुपोषित भविष्य के लिए परिवार और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की सुविधाओं का ध्यान रखते हुए उन्हें पांच लाख रुपये तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराने के साथ ही मानदेय में वृद्धि की घोषणा कर चुकी है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं का आभार व्यक्त किया।