
*मासूम बच्चों को लालच देकर कराता था ट्यूबवेलों की रेकी, रात में काट लेता था केबल*
• शाहाबाद पुलिस ने केबल चोर और चोरी का माल खरीदने वाले को दबोचा, चोरी की मोटर, केबल और तांबा बरामद
जयपुर:कमलेश आमेटा17 जून बारां जिले की शाहाबाद थाना पुलिस ने ट्यूबवेलों से केबल और स्टार्टर चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर एवं चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिन में गांवों में घूमकर छोटे बच्चों को आइसक्रीम अथवा 10-20 रुपये का लालच देकर खेतों में लगे ट्यूबवेलों की जानकारी जुटवाता था और रात के समय उन्हीं खेतों में पहुंचकर केबल काटकर चोरी कर लेता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई करीब 200 फीट केबल, दो पानी की मोटर, चार किलोग्राम तांबा तथा अन्य चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु के निर्देश पर थाना शाहाबाद में दर्ज केबल एवं स्टार्टर चोरी के प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. कमल जांगिड़ एवं वृत्ताधिकारी शाहाबाद छुट्टनलाल मीणा के नेतृत्व में थानाधिकारी रामकेश मीणा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर तकनीकी एवं स्थानीय सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
*टायर के निशानों और मुखबिर की सूचना से मिला सुराग*
जांच के दौरान अधिकांश घटनास्थलों पर एक जैसी मोटरसाइकिल के टायरों के निशान मिले। ग्रामीणों एवं मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि शाहाबाद घाटी और मुण्डियर टोल प्लाजा के बीच जंगल में एक युवक प्रतिदिन मोटरसाइकिल खड़ी कर संदिग्ध अवस्था में रहता है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक युवक जंगल की ओर भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
*बच्चों को बनाता था वारदात का जरिया*
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी विजय सिंह पुत्र सामलिया उर्फ सावलिया निवासी भरोली थाना कस्बाथाना ने बताया कि वह दिन में गांवों में जाकर छोटे बच्चों को आइसक्रीम अथवा 10-20 रुपये देकर खेतों में लगे ट्यूबवेलों और केबल की जानकारी जुटवाता था। रात में उन्हीं स्थानों पर पहुंचकर केबल काटकर चोरी करता और उसी दिन चोरी का माल मध्यप्रदेश निवासी अमरचंद शाक्य को बेच देता था। आरोपी ने कस्बाथाना क्षेत्र से दो पानी की मोटर चोरी करना भी स्वीकार किया।
मुख्य आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले अमरचंद शाक्य निवासी जिला शिवपुरी मध्यप्रदेश को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की गई केबल, चार किलोग्राम तांबा तथा कस्बाथाना क्षेत्र से चोरी की गई पानी की मोटर बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपी विजय सिंह तथा अमरचंद शाक्य को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस को आशंका है कि दोनों आरोपियों ने अन्य चोरी की वारदातें भी की हैं। इस संबंध में गहन पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है।
कार्रवाई में थानाधिकारी रामकेश मीणा, उपनिरीक्षक सुमेर सिंह, हेड कांस्टेबल शेर सिंह तथा कांस्टेबल दशरथ, जितेन्द्र सिंह, रतनलाल, प्रेमप्रकाश एवं वीरेन्द्र सिंह की विशेष भूमिका रही।
--------------