
चंडीगढ़ में 134 इमारतें असुरक्षित, दिल्ली हादसे के बाद जागा प्रशासन; अब मालिकों को जाएंगे नोटिस
दिल्ली में बिल्डिंग गिरने से हुए हादसे के बाद चंडीगढ़ प्रशासन भी असुरक्षित भवनों को लेकर सतर्क हो गया है। एस्टेट ऑफिस ने शहर में कुल 134 इमारतों को असुरक्षित चिह्नित किया है। यह सभी कामर्शियल और इंडस्ट्रियल इमारतें है।
पिछले साल सेक्टर-17 में तीन मंजिला महफिल होटल की इमारत गिरने के बाद डीसी निशांत यादव के निर्देश पर गठित कमेटी ने असुरक्षित इमारतों की सूची तैयार कर रिपोर्ट प्रशासन को सौंपी है। अब संबंधित भवन मालिकों को नोटिस जारी कर इमारत की मरम्मत करवाने या अधिकृत विशेषज्ञ से स्ट्रक्चरल ऑडिट करवाने के निर्देश दिए जाएंगे।
रिपोर्ट के अनुसा सबसे सेक्टर-22 में सबसे ज्यादा ज्यादा 15 इमारतें असुरक्षित हैं। सेक्टर-22 शहर के प्रमुख बाजार और व्यावसायिक क्षेत्रों में शामिल है। यहां सबसे अधिक भवन असुरक्षित पाए जाने के बाद अब इनकी सुरक्षा जांच और आवश्यक मरम्मत पर प्रशासन का फोकस रहेगा।
इसके बाद औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 में 13 और फेज-2 में 10 भवन असुरक्षित पाए गए हैं। वहीं, सेक्टर-20 में आठ, सेक्टर-8 और सेक्टर-18 में सात-सात तथा सेक्टर-21 में सात असुरक्षित इमारतें चिह्नित की गई हैं । सेक्टर-19 में छह इमारतें असुरक्षित मिले हैं। इन असुरक्षित इमारतों को लेकर मंगलवार को डीसी निशांत यादव ने बैठक भी की।
सेक्टर-17 में भी पांच असुरक्षित भवन
शहर के सबसे प्रमुख व्यावसायिक केंद्र सेक्टर-17 में भी पांच इमारतें असुरक्षित चिह्नित की गई हैं। सेक्टर-17 को सिटी का हार्ट कहा जाता है। सेक्टर-26, 32 और 37 में भी पांच-पांच इमारतें सूची में शामिल हैं।
सेक्टर-11, 24, 27 और 51 में चार-चार तथा सेक्टर-15 और 23 में तीन-तीन भवन असुरक्षित पाए गए हैं। मनीमाजरा में तीन तथा सेक्टर-16 और 28 में दो-दो इमारतें सूची में हैं।
शहर के कई अन्य हिस्सों में भी एक-एक असुरक्षित भवन मिला है। इनमें सेक्टर-2, 5, 9, 29, 30, 31, 35, 38, 40, 46, 47, 50 और 52 शामिल हैं।
सेक्टर-17 में एक इमारत की बेसमेंट की दीवार गिरी
सोमवार को सेक्टर-17 में एक इमारत की बेसमेंट की दीवार भी गिर गई थी। घटना के बाद एहतियात के तौर पर आसपास के हिस्से को खाली कराया गया और सुरक्षा जांच की गई। अब इसी सेक्टर की पांच इमारतों का असुरक्षित सूची में शामिल होना भवनों की नियमित संरचनात्मक जांच की जरूरत को और रेखांकित करता है ।
#chandigarh #chandigarhnews #panchkulasocialmedia