
#बलरामपुर; नौकर ही निकला नटवरलाल: पूर्व मालिक का ATM चुराकर खाते से उड़ाए 9 लाख रुपये, पुलिस ने दबोचा...
रिपोर्ट-इमरान अली शाह
#बलरामपुर। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने धोखाधड़ी कर पूर्व मालिक का एटीएम कार्ड चुराकर बैंक खाते से करीब 9 लाख रुपये उड़ाने वाले शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 77,500 रुपये नकद, एक टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल, एसी, टीवी, कूलर, टुल्लू पंप और दो मोबाइल फोन समेत चोरी के पैसों से खरीदा गया भारी मात्रा में सामान बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय व क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
धोखाधड़ी से जाना पिन, फिर खाली कर दिया बैंक खाता
घटना के संबंध में पूरबटोला पश्चिमी निवासी प्रेम कुमार मिश्रा ने 20 अगस्त को कोतवाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के मुताबिक, उनके पूर्व नौकर सलमान खान उर्फ मन्ना (24 वर्ष) पुत्र रियाज अहमद ने धोखे से एटीएम कार्ड चुराकर उनके खाते से लाखों रुपये निकाल लिए। मामले की जांच उपनिरीक्षक सूर्या प्रकाश शर्मा को सौंपी गई थी।
सुआवनाला मार्ग से हुई गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने मु0अ0सं0 194/26 धारा 318(4), 305(ए) बीएनएस के तहत नामजद अभियुक्त सलमान उर्फ मन्ना को सुआवनाला से गेल्हापुर जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने चालाकी से एटीएम का पिन पता कर लिया था और धीरे-धीरे करीब 10 लाख रुपये निकाल लिए।
चोरी की रकम से खरीदे लग्जरी सामान और बनवाया मकान
आरोपी ने चोरी किए गए पैसों से एक नई मोटरसाइकिल, एलजी कंपनी का एसी, सैमसंग टीवी, समरकूल का कूलर, हैवेल्स का टुल्लू पंप, रेडमी का मोबाइल फोन खरीदा और अपना घर भी बनवाया। आरोपी के पास से मिले पिट्ठू बैग से एचडीएफसी बैंक का एटीएम कार्ड, 77,500 रुपये नकद और एक मोटोरोला मोबाइल फोन बरामद हुआ है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की गई है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
इस सफल कार्रवाई में कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक कन्हई प्रसाद, उपनिरीक्षक सूर्या प्रकाश शर्मा, कांस्टेबल विनय प्रताप सिंह, नीरज यादव, हीरालाल, शुभम तिवारी और विजय बहादुर शामिल रहे।
#balrampur #balrampurpolic