
अब जनगणना के लिए सरकारी कर्मचारियों का इंतजार खत्म! घर बैठे खुद दर्ज करें पूरे परिवार का ब्योरा, 20 मिनट में होगा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
रिपोर्ट अवधेश शर्मा
1 दिसंबर 2026 से घर-घर पहुंचेगी जनगणना टीम, ऑनलाइन स्व-गणना करने वालों को बतानी होगी एसई आईडी; जानिए पोर्टल से लेकर हेल्पलाइन नंबर तक पूरी जानकारी
बरेली। देश में होने वाली आगामी जनगणना को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार जनगणना में आम जनता को बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। अब परिवार का पूरा विवरण दर्ज कराने के लिए सरकारी कर्मचारियों के घर पहुंचने का इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी। नागरिक घर बैठे मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए खुद ही अपने परिवार और मकान से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन भर सकेंगे। खास बात यह है कि इस पूरी प्रक्रिया में लगभग 15 से 20 मिनट का समय लगने का दावा किया जा रहा है।
केंद्र सरकार ने स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) के लिए आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in निर्धारित किया है। इस पोर्टल के माध्यम से लोग निर्धारित सवालों के जवाब देकर अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं। डिजिटल सुविधा का मकसद जनगणना को आसान बनाना, समय बचाना और आंकड़ों को व्यवस्थित तरीके से एकत्र करना है।
मोबाइल उठाइए और घर बैठे ऐसे भरिए परिवार का विवरण
स्व-गणना करने के लिए नागरिकों को सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाना होगा। वहां उपलब्ध स्व-गणना विकल्प के माध्यम से निर्धारित निर्देशों का पालन करते हुए परिवार और मकान से संबंधित जानकारी भरनी होगी। सभी जरूरी विवरण दर्ज करने और प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोर्टल की ओर से एक विशेष एसई आईडी जारी की जाएगी।
इस आईडी को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है, क्योंकि यही ऑनलाइन स्व-गणना का प्रमाण होगी।
एसई आईडी नहीं दिखाई तो दोबारा जुटाई जा सकती है जानकारी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन स्व-गणना पूरी करने के बाद मिलने वाली एसई आईडी को संभालकर रखना होगा। जब जनगणना प्रगणक घर पहुंचे तो उन्हें यह आईडी उपलब्ध करानी होगी, ताकि ऑनलाइन दर्ज जानकारी का सत्यापन किया जा सके।
यदि परिवार ने ऑनलाइन जानकारी भरने के बावजूद प्रगणक को एसई आईडी उपलब्ध नहीं कराई, तो स्व-गणना को पूर्ण नहीं माना जाएगा। ऐसी स्थिति में प्रगणक एक दिसंबर 2026 से घर पहुंचकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जानकारी जुटाएंगे।
सोशल मीडिया पर भी चलेगा जागरूकता अभियान
जनगणना को लेकर अधिक से अधिक लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और मीडिया प्रतिनिधियों से सहयोग मांगा है। उनसे स्व-गणना की प्रक्रिया समझाने वाले जागरूकता वीडियो और प्रचार सामग्री तैयार करने की अपील की गई है, जिससे आम नागरिक इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
जनगणना के नाम पर अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर जनगणना से संबंधित किसी भी अपुष्ट खबर, भ्रामक पोस्ट या अफवाह पर विश्वास न करें। कोई भी जानकारी साझा करने से पहले उसकी सत्यता जांचें। जनगणना से जुड़े निर्धारित आधिकारिक तथ्यों और प्रमाणित सूचनाओं को ही आगे बढ़ाएं। गलत या भ्रामक जानकारी दिखाई देने पर जिला प्रशासन को सूचित करें।
परेशानी होने पर इन हेल्पलाइन नंबरों पर करें संपर्क
जनगणना और स्व-गणना से संबंधित किसी भी समस्या या जानकारी के लिए जिला प्रशासन की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।
- जिला हेल्पलाइन: 0581-2422202
- जिला हेल्पलाइन: 0581-2428188
- उत्तर प्रदेश जनगणना निदेशालय टोल फ्री नंबर: 1855
सही जानकारी देना हर नागरिक की जिम्मेदारी
प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों से जनगणना में सक्रिय भागीदारी निभाने और परिवार का सही विवरण उपलब्ध कराने की अपील की है। जनगणना में जुटाए गए आंकड़े भविष्य की सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी नीतियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इसलिए जनगणना को केवल सरकारी प्रक्रिया न समझें, बल्कि देश के विकास में अपनी भागीदारी का महत्वपूर्ण अवसर मानें।
#BareillyNews #BareillyNewsLive #Bareilly #बरेली #जनगणना2026 #Census2026 #SelfEnumeration #स्वगणना #OnlineRegistration #DigitalIndia #जनगणना #UPNews #UttarPradesh #BreakingNews #LatestNews #जनजागरूकता