
हजारा नहर में देवर-भाभी की तलाश तीसरे दिन भी जारी
पीएसी फ्लड यूनिट, एनडीआरएफ व गोताखोरों ने चलाया सर्च अभियान, नहीं मिला सुराग
कासगंज। शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित हजारा नहर के पिकनिक प्वाइंट पर देवर-भाभी के डूबने की आशंका को लेकर गुरुवार को तीसरे दिन भी सर्च अभियान जारी रहा। पीएसी की फ्लड यूनिट, एनडीआरएफ टीम और गोताखोरों ने पिकनिक प्वाइंट के आसपास नहर में काफी दूर तक तलाश की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका। लगातार तीसरे दिन तलाश के बाद भी पता नहीं चलने से परिवारीजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। उनकी निगाहें सर्च ऑपरेशन पर टिकी हुई हैं।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार सुबह हजारा नहर के पिकनिक प्वाइंट पर एक थैला मिला था, जिसमें देवर-भाभी का सामान रखा हुआ था। इसकी जानकारी मिलने पर परिवारीजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि तड़के दोनों ने फोन पर नहर में कूदकर जान देने की बात कही थी। इसके बाद से पुलिस ने नहर में उनकी तलाश शुरू करा दी। पुलिस ने पीएसी की फ्लड यूनिट और गोताखोरों को मौके पर बुलाकर सर्च ऑपरेशन में लगाया। गुरुवार को भी टीमों ने नहर के पिकनिक प्वाइंट के आसपास और दूर तक पानी में तलाश की। इंस्पेक्टर जगदीशचंद्र ने बताया कि तीसरे दिन भी अभियान लगातार जारी रहा। पीएसी की फ्लड यूनिट, एनडीआरएफ टीम और गोताखोरों ने काफी प्रयास किए, लेकिन देवर-भाभी का पता नहीं चल सका। उधर, परिजन किसी अनहोनी की आशंका को लेकर चिंतित हैं।
कैप्शन- तीसरे दिन हजारा नहर मंे देवर- भाभी की तलाश करती