समस्तीपुर जंक्शन से आरपीएफ ने बरामद किया मदरसा से भागा नाबालिग बच्चा
समस्तीपुर जंक्शन से आरपीएफ की टीम ने एक नाबालिग बच्चे को लावारिस और डरी-सहमी हालत में बरामद किया है. जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक विवेक कुमार के नेतृत्व में प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात आरक्षी प्रधान अश्विनी कुमार प्लेटफॉर्म पर गश्त कर रहे थे. इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर मुजफ्फरपुर की तरफ एफओबी के पास एक नाबालिग बच्चा काफी डरे-सहमे हुए इधर-उधर भटक रहा था. सुरक्षाकर्मियों की नजर उस पर पड़ी और उन्होंने तुरंत उसकी सुधि ली.
पूछताछ में बच्चे ने बताई सच्चाई, सहरसा के मदरसे से भागने की दी जानकारी
पुलिसकर्मियों द्वारा रोके जाने पर और प्यार से पूछताछ करने पर बच्चे ने अपनी आपबीती सुनाई. उसने बताया कि वह मूल रूप से सहरसा जिले में स्थित एक मदरसे में रहकर पढ़ाई करता था. वह वहां से चुपचाप भाग निकला और अपने किसी रिश्तेदार के घर जाने के लिए किसी ट्रेन में सवार होकर सिमरी बख्तियारपुर जा रहा था. हालांकि, रास्ते में रास्ता भटक जाने के कारण वह ट्रेन से उतरकर समस्तीपुर जंक्शन पहुंच गया और भ्रमित होकर भटक रहा था.