
*23 नवंबर से शुरू होगी अयोध्या-जनकपुर राम-जानकी रेल सेवा, पीएम मोदी और नेपाल के पीएम दिखाएंगे हरी झंडी*
अयोध्या से नेपाल के जनकपुरधाम तक प्रस्तावित राम-जानकी रेल सेवा की शुरुआत 23 नवंबर को होगी। इस ऐतिहासिक अवसर पर अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें करीब एक हजार अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा ब्रजेश पाठक समेत कई जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी मौजूद रहेंगे। साधु-संतों, विद्यार्थियों और गणमान्य नागरिकों को भी आमंत्रित किया गया है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, करीब 464 किलोमीटर लंबा यह रेल मार्ग अयोध्या से बिहार के रास्ते जयनगर होते हुए जनकपुरधाम पहुंचेगा। शुरुआत में ट्रेन सप्ताह में एक दिन संचालित करने की योजना है। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर फेरों में विस्तार किया जा सकता है।
जयनगर में यात्रियों के दस्तावेजों और सामान की जांच होगी। टिकट बुकिंग आईआरसीटीसी के माध्यम से किए जाने का प्रस्ताव है। इस रेल सेवा से भारत और नेपाल के श्रद्धालुओं को धार्मिक यात्रा में सुविधा मिलेगी और दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंध मजबूत होंगे।
Hardoi, Hardoi | Nov 15, 2026