
हमीरपुर यमुना पुल पर मरम्मत कार्य के दृष्टिगत 26 से 28 जून तक रात्रिकालीन यातायात रहेगा प्रतिबंधित : जिलाधिकारी*
District Magistrate Hamirpur up
प्रेस विज्ञप्ति
जिला सूचना कार्यालय, हमीरपुर
दिनांक : 23 जून, 2026
*यमुना पुल पर मरम्मत कार्य के दृष्टिगत 26 से 28 जून तक रात्रिकालीन यातायात रहेगा प्रतिबंधित : जिलाधिकारी*
हमीरपुर। जिलाधिकारी श्री अभिषेक गोयल ने जनपदवासियों को अवगत कराया है कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा हमीरपुर स्थित यमुना पुल पर बिटुमिनस ओवरले (सड़क मरम्मत) कार्य कराया जाना प्रस्तावित है। पुल पर भारी यातायात दबाव एवं सीमित चौड़ाई के कारण निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप कार्य संपादित करने हेतु यातायात को अस्थायी रूप से प्रतिबंधित किया जाना आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने बताया कि एनएचएआई के अनुरोध पर जनसुरक्षा एवं कार्य की गुणवत्ता को दृष्टिगत रखते हुए 26 जून, 27 जून एवं 28 जून, 2026 को प्रतिदिन रात्रि 08:00 बजे से प्रातः 08:00 बजे तक यमुना पुल पर यातायात पूर्णतः बंद रहेगा। इस अवधि में पुल पर बिटुमिनस ओवरले का कार्य कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने एवं आमजन को असुविधा से बचाने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। कानपुर एवं घाटमपुर से सुमेरपुर, कुरारा तथा महोबा की ओर जाने वाले वाहन चौडगरा-बांदा मार्ग अथवा उरई-बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे मार्ग का उपयोग कर सकेंगे। वहीं महोबा एवं राठ क्षेत्र से कानपुर की ओर जाने वाले वाहनों को भी निर्धारित डायवर्जन मार्गों से संचालित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि यातायात नियंत्रण हेतु जनपद के प्रमुख स्थानों एवं तिराहों पर स्थानीय पुलिस एवं यातायात पुलिस की तैनाती रहेगी। किसी भी प्रकार की यातायात संबंधी सहायता अथवा जानकारी के लिए नागरिक 9410499333, 9473987561, 9454401359, 9454401360 एवं 9454403539 पर संपर्क कर सकते हैं। आपातकालीन स्थिति में यूपी-112 सेवा भी उपलब्ध रहेगी।
जिलाधिकारी ने ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन, व्यापार मंडलों, टैक्सी यूनियनों तथा आमजन से अपील की है कि निर्धारित अवधि के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा प्रशासन द्वारा जारी यातायात निर्देशों का पालन करते हुए सहयोग प्रदान करें, जिससे पुल का मरम्मत कार्य समयबद्ध एवं सुरक्षित रूप से पूर्ण कराया जा सके।
---------------------------------