राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के अंतर्गत बायो-इनपुट रिसोर्स सेंटर स्थापित करने हेतु आवेदन आमंत्रित*
District Magistrate Hamirpur up
प्रेस विज्ञप्ति
जिला सूचना कार्यालय, हमीरपुर
दिनांक : 23 जून, 2026
*राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के अंतर्गत बायो-इनपुट रिसोर्स सेंटर स्थापित करने हेतु आवेदन आमंत्रित*
हमीरपुर। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा किसानों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण जैव-अदान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन (एनएमएनएफ) के अंतर्गत जनपद में बायो-इनपुट रिसोर्स सेंटर (बीआरसी) की स्थापना की जाएगी। इसके लिए पात्र एवं इच्छुक व्यक्तियों, संस्थाओं एवं संगठनों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उप कृषि निदेशक, हमीरपुर ने बताया कि बायो-इनपुट रिसोर्स सेंटर एक उद्यम के रूप में कार्य करेगा, जहां स्थानीय स्तर पर प्राकृतिक जैव-अदान तैयार कर उन किसानों को उपलब्ध कराए जाएंगे जो स्वयं इनका उत्पादन करने में सक्षम नहीं हैं। राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्राकृतिक खेती क्लस्टरों में एक बीआरसी की स्थापना का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने बताया कि बीआरसी का संचालन अभ्यासरत प्राकृतिक किसान, किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ), स्वयं सहायता समूह (एसएचजी), प्राथमिक सहकारी समितियां, सहकारी संस्थाएं अथवा स्थानीय उद्यमी कर सकते हैं। साथ ही गौशाला संचालित करने वाली संस्थाओं को चयन में प्राथमिकता प्रदान की जाएगी।
बीआरसी की परिकल्पना केवल जैव-अदान उत्पादन केंद्र के रूप में ही नहीं, बल्कि प्राकृतिक खेती से जुड़े ज्ञान, अनुभव एवं तकनीकी जानकारी के प्रसार केंद्र के रूप में भी की गई है। इसके माध्यम से किसानों को प्राकृतिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
पात्रता की शर्तों के अनुसार इच्छुक आवेदक के पास देशी गाय, पौध आधारित बायोमास सहित आवश्यक कच्ची सामग्री की उपलब्धता होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त घनजीवामृत, बीजामृत, नीमास्त्र, दशपर्णी अर्क एवं ब्रह्मास्त्र जैसे प्राकृतिक जैव-अदान तैयार करने का व्यावहारिक अनुभव होना आवश्यक है। आवेदक के पास पर्याप्त मात्रा में गोबर एवं गौमूत्र की उपलब्धता तथा उत्पादन एवं आपूर्ति के लिए पर्याप्त श्रमिक भी होने चाहिए।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन करने से पूर्व चयन मानकों एवं अन्य आवश्यक जानकारी के लिए कार्यालय उप कृषि निदेशक, हमीरपुर से संपर्क कर सकते हैं। आवेदन पत्र विज्ञप्ति के प्रकाशन की तिथि से पांच कार्य दिवस के भीतर कार्यालय उप कृषि निदेशक, हमीरपुर में जमा किए जा सकते हैं। निर्धारित अवधि के पश्चात प्राप्त होने वाले किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
जनपद के इच्छुक प्राकृतिक कृषकों, किसान संगठनों एवं उद्यमियों से इस योजना का लाभ उठाते हुए प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने में सहभागिता करने की अपील की गई है।
--------------------------