💍 बड़ी खुशखबरी!
OBC परिवारों की बेटियों की शादी पर मिलेगा ₹20,000 अनुदान
✅ हमीरपुर को 771 लाभार्थियों के लिए ₹1.54 करोड़ का बजट
📌 पात्रता: • अन्य पिछड़ा वर्ग (अल्पसंख्यक वर्ग छोड़कर)
• वार्षिक आय ₹1 लाख से कम
• ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य
📅 विवाह से 90 दिन पहले या 90 दिन बाद तक कर सकते हैं आवेदन
अभी करें आवेदन, पाएं सरकारी सहायता!
प्रेस विज्ञप्ति
जिला सूचना कार्यालय, हमीरपुर
दिनांक : 23 जून, 2026
*पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान योजना के तहत पात्र परिवारों को मिलेगा ₹20 हजार का अनुदान*
हमीरपुर। अन्य पिछड़ा वर्ग (अल्पसंख्यक समुदाय को छोड़कर) के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की पुत्रियों के विवाह में सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित शादी अनुदान योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद हमीरपुर को 771 लाभार्थियों हेतु ₹154.20 लाख का बजट आवंटित किया गया है।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी श्री अमित सोनकर ने बताया कि योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को पुत्री के विवाह हेतु ₹20,000 की अनुदान राशि प्रदान की जाएगी। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदक को विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। ऑनलाइन आवेदन पूर्ण करने के उपरांत समस्त आवश्यक अभिलेखों सहित आवेदन पत्र संबंधित उप जिलाधिकारी अथवा खंड विकास अधिकारी कार्यालय में सात दिवस के भीतर जमा करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन विवाह की तिथि से 90 दिन पूर्व अथवा विवाह की तिथि के 90 दिन बाद तक किया जा सकता है। योजना का लाभ केवल अन्य पिछड़ा वर्ग (अल्पसंख्यक वर्ग को छोड़कर) के ऐसे निर्धन परिवारों को मिलेगा, जिनकी वार्षिक आय ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र दोनों में ₹1 लाख से अधिक न हो।
आवेदन के साथ तहसीलदार द्वारा निर्गत आय एवं जाति प्रमाण पत्र, विवाह कार्ड, वर एवं वधु के आधार कार्ड अथवा आयु प्रमाण पत्र, आवेदक का आधार कार्ड एवं बैंक पासबुक की प्रति संलग्न करना आवश्यक है। पिता की मृत्यु की स्थिति में माता का आय एवं जाति प्रमाण पत्र मान्य होगा। विवाह कार्ड पर ग्राम प्रधान अथवा सभासद का प्रमाणन भी आवश्यक है।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने बताया कि आवेदनकर्ता एवं पुत्री का मोबाइल नंबर आधार कार्ड से लिंक होना अनिवार्य है, जिससे आवेदन की प्रक्रिया एवं सत्यापन कार्य सुगमता से संपन्न हो सके।
उन्होंने जनपद के पात्र परिवारों से समय से आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त करने की अपील की है। योजना से संबंधित अधिक जानकारी किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, विकास भवन, हमीरपुर (कक्ष संख्या-104) से प्राप्त की जा सकती है।
District Magistrate Hamirpur up
MYogiAdityanath
---------------------------
Hamirpur, Hamirpur | Jun 23, 2026